जानीखुर्द। गांव कुराली में मारपीट में घायल कुलदीप अस्पताल में उपचार करवाते हुए
जानी खुर्द। थाना जानी क्षेत्र के कुराली गांव में मंगलवार की शाम बच्चों के आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में एक युवक सिर में डंडा लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव कुराली निवासी देव शर्मा ने जानी थाने में दी तहरीर में बताया कि 25 अगस्त की शाम उनके मित्र कुलदीप के बच्चों का मोहल्ले के ही कुछ बच्चों से आपस में झगड़ा हो गया था। बच्चों के विवाद को शांत कराने के लिए देव शर्मा अपने मित्र कुलदीप के पास पहुंचे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने देव शर्मा और कुलदीप पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान कुलदीप के सिर में डंडा लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गया। उपचार के लिए पांचली स्थित सरकारी अस्पताल भेजा गया। बाद में चिकित्सकों ने कुलदीप की हालत खराब होने पर मेरठ के प्यारे लाल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने उपचार के दौरान घायल कुलदीप की हालत गंभीर बताई है। देव शर्मा ने थाना जानी पुलिस को दूसरे पक्ष के दस व्यक्तियों के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।