संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव भैंसा निवासी शहजादी ने थाने में तहरीर देकर भाभी पर मायके वालों को बुलाकर मारपीट कराने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष से मोहल्ला मुन्नालाल निवासी अरशद ने दी तहरीर में ससुराल वालों पर बहन के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
शहजादी ने तहरीर में बताया कि उसकी भाभी अलग रहती हैं। अलग रहने के लिए उसके पिता ने मकान बनाकर दिया है। आरोप है कि भाभी काफी समय से मकान के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये देने के लिए दबाव बना रही है। जब पिता ने रुपये देने से इन्कार किया तो भाभी ने मायके वालों को बुलाकर उनके साथ मारपीट कराई व दुर्व्यवहार किया। जिसमें उसको व अन्य को चोटें आई हैं। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शहजादी और उसकी बहन रुबीना को इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया।
दूसरे पक्ष से अरशद ने तहरीर में बताया कि उनको फोन से जानकारी मिली कि उसकी बहन अरशी के साथ ससुराल वाले मारपीट कर रहे हैं। ससुराल वाले दहेज की मांग करते हैं और दहेज नहीं देने पर अरशी के पति से तलाक देने को कहते हैं। जब वह समझाने पहुंचे तो उनके साथ मारपीट की गई। ससुराल वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग है। पुलिस ने घायल अरशद को सीएचसी में भर्ती कराया। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि पुलिस जांच के बाद कार्रवाई करेगी।