हस्तिनापुर। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा अधिकारी के पद पर तैनात डॉ. अंकुर त्यागी ने बताया कि उन्होंने कोरोना को मात देने के लिए 50 आयुर्वेदिक दवाइयों को मिलाकर एक काढ़ा तैयार किया है। उन्होंने तीन पॉजिटिव व्यक्तियों को यह काढ़ा दिया तो रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात व कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. अंकुर त्यागी ने बताया कि उन्होंने एमबीबीएस और एमडी के साथ-साथ बीएएमएस आयुर्वेद की डिग्रियां प्राप्त की है। उन्होंने 50 आयुर्वेदिक दवाइयों को मिलाकर एक काढ़ा तैयार किया। क्वारंटीन सेंटर में रखे गए खांसी, नजला, जुकाम, व बुखार के कोरोना संदिग्ध लोगों को यह काढ़ा दिया तो वे कुछ ही दिन में ठीक हो गए। इसके बाद उन्होंने तीन कोरोना पॉजिटिव रोगियों को यह काढ़ा दिया। इसके बाद इन सबकी रिपोर्ट भी नेगेटिव आई। आयुर्वेदिक काढ़ा पीकर कोरोना को मात देने वाले मरीजों का कहना है कि पांच से छह दिनों तक डॉ. अंकुर त्यागी ने उन्हें काढ़ा दिया। इसी का परिणाम रहा कि रिपोर्ट नेगेटिव आई।