जागरूक रहा शहर, लॉकडाउन को मिला पूरा समर्थन
मेरठ। कोरोना की जंग में एक बार फिर शहर के लोगों ने जागरूकता दिखाई। पुलिस प्रशासन की ज्यादा सख्ती न होने पर भी लोगों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ लॉकडाउन को समर्थन दिया। एक्सप्रेसवे, हाईवे सहित अन्य मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सीमित रही। चिकित्सा, परिवहन सहित अन्य जरूरी सेवाएं जारी रहीं। बाकी सब बंद रहा। एडीजी, आईजी और एसएसपी सहित अन्य अफसर शहर का भ्रमण करते रहे। शहर के अंदर की कुछ सड़कों, गलियों और मोहल्लों में जरूर पाबंदी का असर कम दिखा। अन्य दिनों की अपेक्षा शहर में इतनी शांति रही कि बच्चा पार्क पर खड़े होकर जीआईसी से आ रही एंबुलेंस की आवाज आसानी से सुनी गई।
---
सड़के, पार्क, मंदिर, चौराहे रहे सूने, टहलते नजर आए लोग
- शहर में अधिकतर सड़के, पार्क, चौराहे, मंदिर सूने रहे। कुछ जगहों पर बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सोशल डिस्टेंस के साथ टहलते नजर आए। नवरात्र में मंदिरों में विधिविधान से पूजन हुआ, लेकिन किसी को भी मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं थी। शहर में बेरिकेडिंग की व्यवस्था सिर्फ मैट्रो प्लाजा, शारदा रोड और हापुड़ अड्डे पर की गई। गांधी आश्रम चौराहा, हापुड़ अड्डा, बच्चा पार्क, रेलवे रोड चौराहा, घंटाघर बिजली बंबा बाईपास पर सुपरटेक पामग्रीन, पर्ल रेजीडेंसी और सुपरटेक ग्रीन विलेज सहित अन्य सोसायटी में लोग घरों में ही रहे। मोहकमपुर, शारदा रोड और अन्य इलाकों में सन्नाटा रहा। रोज के जाम और शोरशराबे से राहत मिली। दिल्ली रोड, हापुड़ रोड, गढ़ रोड, बागपत रोड, मवाना रोड, कंकरखेड़ा, मोदीपुरम, गंगानगर, शास्त्रीनगर, जागृति विहार, में सुबह से रात तक बंदी का असर दिखा।
---
खुले रहे पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और शराब के ठेके
- लॉकडाउन के दौरान पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर, फ्रूट मंडी, कुछ मंडप खुले रहे। शराब के ठेके और दुकानें खुली रहीं। हालांकि शराब की दुकानें खोलने का कुछ व्यापारियों ने विरोध भी किया। बैंक, डाकघर, केंद्र और प्रदेश सरकार के सभी कार्यालय बंद रहे।
- सोशल मीडिया पर जागरूक किया
-- सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठन के पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। कुछ ने रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने नुस्खे और सावधानियों को शेयर किया।
------
परतापुर में कुछ औद्योगिक इकाइयां खुलीं
परतापुर। परतापुर, रिठानी, मोहिददीनपुर के सभी बाजार बंद रहे, सिर्फ दवा की दुकानें खुलीं। मोहिददीनपुर में कुछ औद्योगिक इकाइयां खुली रहीं। नवरात्र में माता के भक्ताें को कुछ परेशानी हुई। उन्होंने घर पर ही पूजा की। व्रत के लिए फलाहार में कुछ जगहों पर थोड़ी परेशानी हुई। संवाद
---