मेरठ में गुरुवार शाम को कमिश्नर अनीता सी. मेश्राम, आईजी आलोक कुमार, डीएम अनिल ढींगरा, एसएसपी अजय साहनी, एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नायारण सिंह समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुलिस फोर्स के साथ हापुड़ अड्डा से भूमिया पुल तक फ्लेग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों नें लोगों से शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
उधर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील के साथ ही आसपास के सभी जिलों में प्रशासन चौकन्ना है। सहारनपुर में जहां तीसरे दिन भी इंटरनेट सेवाएं बद हैं वहीं शामली और मुजफ्फरनगर में दूसरे दिन भी इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
एसएसपी, एसपी सिटी और जिलाधिकारी ने शहर के जनप्रतिनिधियों से बातचीत की और शहर काजी, नायब शहर काजी व मुस्लिम वर्ग के युवा नेताओं से वीडियो के जरिए शहर में अमन चैन बनाए रखने में सहयोग करने की अपील कराई।
एसएसपी अजय साहनी के मुताबिक पुलिस ने हर तरह से हंगामे और अव्यवस्था से निपटने के लिए तैयार है। जुमे की नमाज को लेकर मस्जिदों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाई गई है।