संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार बृहस्पतिवार को नगर पालिका द्वारा अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर तहसील रोड स्थित बड़े मैदान में वृहद सफाई अभियान का आयोजन किया गया।
पालिका अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक और अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत मिश्रा की अगुवाई में आयोजित अभियान में पालिका सभासदों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों ने श्रमदान किया। सफाई के दौरान पालिका अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी ने मैदान में उगी घास काटकर और कूड़ा-कचरा हटवाकर उसे सफाई वाहनों से उठवाया। साथ ही आम नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा डालने के लिए प्रेरित किया।
सफाई अभियान के पश्चात अतिथियों और उपस्थित नागरिकों ने तहसील रोड पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। तहसील रोड स्थित शहीद चंद्रभान पार्क में योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें योग प्रशिक्षक ने उपस्थित नागरिकों को स्वास्थ्य लाभ के लिए योगाभ्यास कराया। इस अवसर पर सभासद ओमपाल सिंह, सलीम, आमिर आजम उर्फ भूरा, नामित सभासद बाबूराम प्रजापति, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर अमरनाथ, अवर अभियंता (जल) अमित श्रीवास्तव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राकेश कुमार, कर अधीक्षक अनिल कुमार, लिपिक लाखन सिंह आदि मौजूद रहे।