शहर के महिला डिग्री कॉलेजों में चुनावी बिगुल बज चुका है। बृहस्पतिवार से शहर के दो महिला डिग्री कॉलेजों आरजी पीजी एवं शहीद मंगल पांडे डिग्री कॉलेज में चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई। आरजी पीजी कॉलेज में आज नामांकन होंगे। शहीद मंगल पांडे डिग्री कॉलेज में भी आज 05 पदों की दावेदार 13 प्रत्याशियों की फाइनल सूची पर मोहर लगेगी।
आरजी पीजी कॉलेज में 14 छात्राओं ने नामांकन पत्र लेकर भरा। दोनों कॉलेजों में 09 नवंबर को चुनाव होना है। वहीं छात्राएं हॉस्टलों और कोचिंगों में जाकर छात्राओं से संपर्क साध रही हैं। हालांकि अभी किसी भी दल ने दोनों कॉलेजों में पैनल की घोषणा नहीं की है, लेकिन अंदरखाने पैनल तय हो चुके हैं, जिनसे पर्दा 05 नवंबर को उठेगा। सपा छात्रसभा, एबीवीपी दोनों ही छात्रगुट 05 नवंबर को कॉलेजों में अपने पैनल के पत्ते खोलेंगे।
शहीद मंगल पांडे में 13 प्रत्याशी मैदान में
शहीद मंगल पांडे महिला डिग्री कॉलेज में 05 पदों के लिए फिलहाल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पर संस्कृति, स्वाति वास्टे और रितिका भारद्वाज मैदान में हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए बरखा रानी, नेहा, सोनम कपासिया, महामंत्री पर निशि, शिप्रा गुप्ता, ज्योति सागर, संयुक्त सचिव पर श्वेता सागर, विदुषी सैन एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए सुषमा पाल, भारती गौतम मैदान में हैं। कॉलेज की चुनाव अधिकारी डॉ. अंजू सिंह ने बताया कि आज प्रपत्रों की जांच कर फाइनल सूची जारी होगी। कॉलेज में 26 अक्तूबर से अधिसूचना लागू है। 9 नवंबर को मतदान, मतगणना व शपथ ग्रहण कराया जाएगा। आरजी पीजी कॉलेज की चुनाव अधिकारी डॉ. दीपशिखा ने बताया कि कॉलेज में आज नामांकन के साथ पत्रों की जांच होगी। 05 नवंबर को प्रत्याशी फाइनल होंगे।