चिराग के साथ एशियन चैंपियनशिप में शूटिंग में प्रतिभाग करने वाले मनदीप
मेरठ। शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले कलीना के लाल सौरभ के बाद एक इसी गांव से एक और नया सितारा निकलकर आया है। कलीना के ही रहने वाले शूटर चिराग शर्मा ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट के जूनियर वर्ग में देशभर में नंबर एक रैंक प्राप्त की है। पिछले दिनों दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में हुए ट्रायल में टॉप कर उन्होंने यह रैंक प्राप्त की है। इसके आधार पर ही उनका चयन इंडिया टीम में हुआ है।
चिराग शर्मा ने 2019 में शूटिंग सीखना शुरू किया था और रोहटा रोड स्थित मेरठ शूटिंग रेंज में कोच अभिनव चौहान से प्रशिक्षण लिया। किसान पिता अमरदीप के बेटे चिराग ने शूटर सौरभ को अपना आदर्श मानते हुए इस खेल को चुना। उन्होंने पहले भी जूनियर वर्ल्ड कप में देश का प्रतिनिधित्व किया है और कई जूनियर नेशनल प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं। हाल ही में 18 से 23 जनवरी तक दिल्ली में हुए ट्रायल में चिराग ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले ट्रायल में 600 में से 581 और दूसरे में 580 अंक हासिल किए। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें देश भर में नंबर एक रैंक दिलाई और भारतीय टीम में उनका स्थान पक्का किया।
एशियन चैंपियनशिप में भाग लेंगे चिराग
चिराग शर्मा अब 1 से 8 फरवरी तक होने वाली एशियन चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके लिए वे 28 जनवरी से शुरू होने वाले राष्ट्रीय कैंप में हिस्सा लेंगे। पिता अमरदीप और कोच अभिनव चौहान ने चिराग की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की है। चिराग का लक्ष्य विश्व चैंपियनशिप में देश के लिए पदक जीतना है। इसी उपलब्धि के साथ, मेरठ के कुराली गांव के मनदीप का भी एशियन चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। मनदीप के पिता ओमदत्त चौहान ने उन्हें बधाई दी है।