बाइक से पतंगबाजी कर रहे युवकों का यह शौक एक मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गया। चाइनीज मांझे से मासूम की गर्दन कट गई। साथ ही उसके पैर में भी गंभीर चोट आई है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां वह जिंदगी और मौत से वह जूझ रहा है। पीड़ितों ने बाइक नंबर के आधार पर पुलिस को तहरीर दे दी है।
घटना लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के गुलिस्ता गार्डन की है। मंगलवार शाम सलमान का डेढ़ वर्षीय बेटा फरमान घर के बाहर सड़क पर खेल रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक आए। पीछे बैठे युवक के हाथ में पतंग की डोर थी।
अनुमान जताया जा रहा है कि कटी हुई पतंग उनके हाथ लग गई थी। वह उसे बाइक से ही उड़ाते हुए चल रहे थे। फरमान चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। जिससे उसकी गर्दन कट गई। उसके रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
परिजनों ने घायल बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद बाइक सवार भाग गए थे। बाद में उन्होंने अस्पताल पहुंचकर इस घटना में कोई कार्रवाई न करने को धमकाया। उन्होंने बच्चे के इलाज का खर्च उठाने की बात भी कही लेकिन परिजनों ने समर गार्डन चौकी पर घटना की तहरीर दे दी है।