प्रा. वि. नं. 1 में शिक्षा ग्रहण करने गए ईटों को इधर से उधर ढोते हुए। (सौ. सोशल मीडिया) मवाना।
मवाना। मवाना खुर्द के प्राइमरी पाठशाला नंबर एक में शिक्षिका ने बच्चों को मजदूर बना दिया। उनसे ईंटें ढुलवाईं। ग्रामीणों ने फोटो खींचकर वायरल कर दिए। मामले की जानकारी लगने पर सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर दिया। उनसे जल्द मामले में जवाब देने के लिए कहा गया है। वहीं घटना से ग्रामीणों में रोष है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल के एक कोने में 500 से अधिक ईंटें रखी थीं। सोमवार को शिक्षिका ने उन ईटों को बच्चों से स्कूल के दूसरे छोर पर रखवा दिया। कुछ लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन शिक्षिका ने एक न सुनी। एक बच्चों से दो-दो ईंटें तक उठवाईं गईं। कई बच्चे कक्षा एक और दो के भी थे। मासूम बच्चों द्वारा यह कार्य कराए जाने के दौरान किसी ने इसकी फोटो ले ली और बेसिक शिक्षा विभाग को इसकी जानकारी दी। मासूम बच्चों से इस प्रकार का कार्य लिए जाने के दौरान उनको चोट भी लग सकती थी, लेकिन स्कूल की शिक्षिका आदि द्वारा बच्चों की सुरक्षा की ओर ध्यान नहीं दिया गया।
अधिकारियों से शिकायत करूंगी : ग्राम प्रधान
ग्राम प्रधान रीता ने बताया कि बेसिक स्कूलों की दशा और दिशा सुधारने के लिए सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। हम अपने स्तर से भी स्कूल और बच्चों का ध्यान रखने प्रयास करते हैं, लेकिन सोमवार को स्कूल में बच्चों से ईंटें ढुलवाने की जानकारी मिली है। अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। बच्चे स्कूल में पढ़ाई करने आते हैं, न कि काम करने।
वर्जन....
मामला संज्ञान में आया है। स्कूल की प्रधानाध्यापिका को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने पर आला अधिकारियों को अवगत कराकर कार्रवाई की जाएगी। -त्रिवेंद्र कुमार, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी