- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सीएम पोर्टल व जिलाधिकारी से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। बाल विकास परियोजना अधिकारी चकवीर सिंह पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अवैध धन वसूली के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने सीएम पोर्टल व जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा कि चकवीर सिंह पिछले करीब 14 वर्षों से जनपद मेरठ में विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत हैं। वर्तमान में लगभग आठ माह से माछरा ब्लॉक में सीडीपीओ के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि उनके द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अवैध रूप से धन की मांग की जाती है। धनराशि न देने पर कार्यकर्ताओं को विभिन्न प्रकार की कार्रवाई की धमकी दी जाती है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं शमा परवीन, सुनीता, सीमा रानी, दीप माला, सोफिया, मंजू लता, पुष्पा देवी, गीता, मिंद्रेश, सविता आदि का आरोप है कि सीडीपीओ द्वारा कहा जाता है कि यदि किसी उच्चाधिकारी से शिकायत की गई तो उनकी सेवाएं समाप्त करा दी जाएंगी। सीडीपीओ द्वारा कथित वसूली के लिए कुछ कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में लगाया गया है, जो कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाते हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्हें मिलने वाला मानदेय सीमित है और उस पर भी अवैध वसूली का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे वह और उनके परिवार मानसिक व आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं।
सीडीपीओ चक्रवीर सिंह का कहना है कि उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। उनके द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई इसलिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस प्रकार की बात कर रही हैं। उन्होंने उन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से स्पष्टीकरण मांगा है जो कि अपने क्षेत्र में निवास न करके शहर में निवास कर रही है और ड्यूटी पर नहीं पहुंच रही हैं। लगभग 45 कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किया गया है। दो कार्य दिवस में उनसे जवाब मांगा गया है लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। उनके द्वारा जिला स्तर पर इसकी रिपोर्ट भेज दी गई है।