बिजनौर। गंगा की गोद में बसे जिले का आभूषण हरियाली है। घने औषधीय व फलदार वृक्षों से पटा जिला लोगों को शुद्ध पर्यावरण के लिए वरदान है। प्रदेश में 22 जुलाई से पौधारोपण का शुभारंभ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले में पौधारोपण अभियान का आगाज करेंगे। इससे जिले की प्राकृतिक सौंदर्य की गौरवशाली परंपरा आगे बढ़ेगी।
सीडीओ पूर्ण बोरा के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जुलाई को पौराणिक स्थल विदुर कुटी की पावन भूमि पर पौधरोपण करेंगे। डीएम उमेश मिश्रा के निर्देशन में पौधरोपण की तैयारी हो रही है। बताया गया कि ग्राम्य विकास विभाग की ओर से जिले में 25 लाख 24 हजार पौधे रोपे जाएंगे।
जिले की 1134 ग्राम पंचायतों में 22 जुलाई से 15 अगस्त तक पौधरोपण अभियान चलेगा। पौधरोपण मनरेगा से होगा। श्रमिकों को काम मिलेगा। सहायक प्रोजेक्ट अधिकारी मनरेगा, दिनेश कुमार के अनुसार शासन से दो लाख 54 हजार पौधरोपण का पंचायतों का लक्ष्य अलग से तय है। इस प्रकार कुल 27 लाख 78 हजार पौधे रोपे जाएंगे।
- पौधों को संतान की तरह देखभाल करें
सीडीओ पूर्ण बोरा के अनुसार एक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाएं। घर के आंगन में खाली पड़ी जमीन में पौधारोपण करें। औषधीय पौधा रोपण करें। सरकारी नर्सरी में पौधे उपलब्ध हैं। अन्य लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करें। सामाजिक संगठन राष्ट्रीय कार्यक्रम में सहयोग करें। सीडीओ ने लोगों से लगाए गए पौधे की संतान की तरह देखभाल करने की अपील की है।