जिले के चार भाजपा विधायकों ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात
मेरठ। जिले के चार विधायकों ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात कर हवाई अड्डा सहित कई मुद्दों पर वार्ता की।
दक्षिण विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर, कैंट सत्यप्रकाश अग्रवाल, किठौर सतवीर त्यागी और सिवालखास विधायक जितेंद्र सतवाई के अलावा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा ने कहा कि ग्राम मोहिउद्दीनपुर की किसान रैली के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा मेरठ में हवाई अड्डा बनाए जाने की घोषणा की गई थी। परंतु अभी तक यह कार्य लंबित है। मेरठ में हवाई अड्डा होने से पूरे पश्चिम उत्तरप्रदेश में विकास की गति तीव्र होगी। मेरठ में इनर रिंग रोड लंबे समय से प्रस्तावित है। शहर में आने वाले प्रमुख मार्गों से काफी ट्रैफिक आ रहा है। इस प्रकार के समस्त वाहनों से शहर के अंदर यातायात की समस्या उत्पन्न हो रही है इसलिए इनर रिंग के निर्माण हेतु कुछ धनराशि स्वीकृत होना जनहित में अति आवश्यक है।
कांवड़ मार्ग के लिए एक तरफ ही पटरी का विस्तारीकरण व चौड़ीकरण होना चाहिए। जिससे पेड़ो का कटान कम होगा। साथ ही डिवाइडर रोड होने के कारण दुर्घटनाएं भी कम होंगी। मेरठ कैंट स्थित सरदार पटेल नगर में जो पुलिस चौकी के लिये भूमि आवंटित है, उसे कब्जा मुक्त कराकर उस पर पुलिस चौकी का निर्माण जल्द होना आवश्यक है। विधायकों के अनुसार मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि हवाई अड्डा उनकी प्राथमिकता में है। वह भी चाहते हैं कि मेरठ पुराना शहर है उससे कनेक्टिविटी जरूरी है। इसके बाद सभी ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से भी मुलाकात की।