फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा को नोटबंदी का जवाब वोट से देगी जनता: अखिलेश यादव

Fri, 03 Feb 2017 11:33 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
विज्ञापन
सीएम अखिलेश यादव
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कैराना जनसभा में भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम विकास कराते हैं, जबकि भाजपा नफरत फैलाने का काम करती है। भाजपा वालों को भगवान ने कैसी जुबां दी है, जब देखो खराब ही बोलते हैं। बजट पर कहा कि गरीब, किसान, मजदूर और मुसलिमों को कुछ नहीं मिला। मुजफ्फरनगर दंगा और कैराना पलायन पर भी उन्होंने भाजपा पर प्रहार किए। 
विज्ञापन


शामली जिले के तीनों प्रत्याशियों के समर्थन में बृहस्पतिवार को कैराना में जनसभा हुई। अपराह्न करीब पौने चार बजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंच पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने करीब 23 मिनट भाषण दिया। इस दौरान उनके निशाने पर भाजपा और बसपा रही। भाजपा को उन्होंने नफरत फैलाने वाली पार्टी कहा। मुजफ्फरनगर दंगे के बारे में कहा कि उस घटना का हमें बहुत दुख हुआ और पीड़ितों की भरपूर मदद की गई, मगर भाजपा नेताओं ने लोगों में खाई पैदा करने का काम किया। कैराना पलायन पर कहा कि भाजपा नेता ने 346 परिवारों के पलायन की जो सूची जारी की थी,  वह जांच में फर्जी साबित हुई। क्योंकि रोजगार के लिए लोग शहरों से बाहर जाते हैं। नोटबंदी पर भी केंद्र सरकार की जमकर खिंचाई की और कहा कि गरीब जनता को लाइन में खड़ा कर दिया, लाइन में लगे लोगों की मौत भी हुई। हमने उन परिवारों की मद्द भी की, लेकिन भाजपा वालों ने कुछ नहीं किया। कालाधन लाने और भ्रष्टाचार मिटाने के दावे करने वाली भाजपा बताए कि उनके दावों का क्या हुआ। कालाधन आया नहीं, भ्रष्टाचार मिटा नहीं, 15-15 लाख रुपये खातों में आने का वादा भी खोखला साबित हुआ। 

वहीं, बसपा पर प्रहार करते हुए कहा कि पत्थर की मूर्तियां बनाने वालों को अब जनता पसंद नहीं करती है। उन्होंने कहा कि नकदी के चक्कर में बसपा ने कितने ही नेताओं को बाहर कर दिया। पत्थर का हाथी जहां खड़ा और बैठा था, आज भी वहीं पर है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए हमने कांग्रेस से हाथ मिलाया और बड़ा दिल दिखाते हुए कांग्रेस को 105 सीटें दीं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने लोहिया आवास, लैपटॉप, साइकिल, पेंशन, बेरोजगारी भत्ता वितरण के साथ ही भविष्य में स्मार्ट फोन, प्रेशर कूकर, एक लीटर घी और मिल्क पाउडर देने का वादा भी किया। अपने मुख्यमंत्री काल के दौरान की विकास योजनाओं का भी खूब गुणगान किया।
विज्ञापन


 
 

प्रदेश में 300 सीटें जीतेगा गठबंधन: अखिलेश  

सपा की रैली
मुजफ्फरनगर में प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को प्रदेश में 300 सीटें मिलने का किया दावा किया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने नोटबंदी के नाम पर लोगों को लाइनों में खड़ा कर परेशान किया। 11 फरवरी को जनता फिर लाइनों में लगेगी और सपा को वोट देकर भाजपा का सफाया करेगी। मुख्यमंत्री ने भाजपा को निशाने पर रखा। कहा कि बजट से लोगों को उम्मीद थीं, लेकिन खातों में 15 लाख क्या 15 हजार रुपये भी नहीं आए।  
    
एसडी इंटर कॉलेज मैदान में सपा प्रत्याशी गौरव स्वरूप के समर्थन में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि 108 और 102 एंबुलेंस पूरी तरह काम कर रही हैं। 100 नंबर पर अब सीधे शिकायत सुनी जा रही है। आने वाले समय में पुलिस के भ्रष्टाचार की शिकायत भी 100 नंबर पर हो सकेगी। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए अलग से नीति बनाई जाएगी। जमीन मुहैया कराएंगे, सस्ती बिजली देंगे और उद्योग का माहौल बनाएंगे। अस्पतालों की हालत सुधारने का काम होगा। मुख्यमंत्री बिना नाम लिए भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी भाषा ही जहरीली है। उनकी जुबान से कभी अच्छी बात नहीं निकलती। बीजेपी नेताओं पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने गठबंधन पर कहा कि हमने बड़े दिलवालों से दोस्ती की है। कंजूस दोस्त ठीक नहीं रहता। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस से गठबंधन के बाद प्रदेश में दोबारा सरकार को लेकर कन्फ्यूजन दूर हो गया है। गठबंधन 300 से अधिक सीटें जीतेगा। कांग्रेस के साथ उनका गठबंधन प्रदेश ही नहीं देश में साम्प्रदायिक ताकतों का मुकाबला करने का काम करेगा। उन्होंने युवाओं को स्मार्टफोन, गरीब महिलाओं को प्रेशर कूकर और पेंशन 500 के स्थान पर 1000 रुपये करने की बात कही। अखिलेश यादव ने इससे पहले खतौली में चंदन सिंह चौहान और बुढ़ाना में प्रमोद त्यागी के समर्थन में जनसभाओं को भी संबोधित किया।    
विज्ञापन

प्रदेश में फिर से बनेगी सपा सरकार : अखिलेश  

बड़ौत में अखिलेश की रैली में उमड़ा जनसमूह - फोटो : अमर उजाला
बड़ौत (बागपत) में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने नोटबंदी की लाइन लगवाकर सबका अपमान किया है। सपा ने नोटबंदी की लाइन में खड़े लोगों की मदद की। यूपी में फिर से सपा की सरकार बनेगी। सपा ने किसानों के कर्ज माफ किए और भुगतान भी कराया। भाजपा की भाषा कड़वी है। भाजपा सिर्फ नफरत की बात करती है। यूपी पुलिस में एक लाख युवाओं की आसान और नए फार्मूले से भर्ती करने की बात कही। सपा विकास के नाम पर वोट मांग रही है।

बृहस्पतिवार को बड़ौत के दिगंबर जैन कॉलेज में सपा-कांग्रेस गठबंधन के बड़ौत विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी शोकेंद्र तोमर, छपरौली से मनोज चौधरी और बागपत से डॉ. कुलदीप उज्ज्वल के समर्थन में आयोजित रैली में मुख्यमंत्री के निशाने पर भारतीय जनता पार्टी ही रही। मुख्यमंत्री ने भाजपा का नाम लिए बगैर कटाक्ष करते हुए कहा कि नोटबंदी से लोगों को लाइन में खड़ा कर आमजन का अपमान किया गया है। भाजपा की भाषा कड़वी है और लोगों को प्यार से नहीं रहने देते। मुख्यमंत्री ने दोबारा प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर किसानों को बेहतर भुगतान और बिजली का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छपरौली के यमुना पुल पर भाजपा सियासत कर रही है। सपा छोड़कर अन्य दलों में शामिल हुए नेताओं पर भी सवाल उठाया। सीएम ने सपा प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान करते हुए कहा कि जिले में विकास कार्य कराएं जाएंगे। यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा। उद्योग धंधे लगाए जाएंगे। सड़कें ठीक होंगी और किसानों का बेहतर भुगतान दिलाया जाएगा। अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री सोमपाल शास्त्री और संचालन योजना आयोग के सदस्य ओमवीर तोमर ने किया। एमएलसी संजय लाठर, शोकेंद्र तोमर, मनोज चौधरी, कुलदीप उज्ज्वल, जिलाध्यक्ष राजूद्दीन, डॉक्टर एसपी यादव, अभयवीर यादव, विजय राणा, हाजी तराबुद्दीन, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामकुमार चौधरी, बिल्लू प्रधान मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें