मोदीपुरम। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप शासन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 5 करोड़ 12 लाख 32 हजार रुपये स्वीकृत किए। पहली किस्त 50 लाख रुपये आने पर इसका कैंट विधायक द्वारा शुक्रवार को कंकरखेड़ा क्षेत्र स्थित संत विहार दांतल में शिलान्यास किया गया।
मुख्य अतिथि कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में शामिल सीएचसी निर्माण से क्षेत्र की जनता को सुलभ एवं बेहतर उपचार मिल सकेगा। इसमें 30 बेड की व्यवस्था होगी। यहां महिलारोग उपचार एवं प्रसव की सुविधा मिलेगी। इसके लिए महिला चिकित्सक की तैनाती होगी। यहां नवजात का जन्म प्रमाण पत्र भी जारी किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार ने बताया कि सीएचसी तैयार करने का लक्ष्य 2022 है। परिसर में कर्मचारियों के लिए आवास भी बनाए जाएंगे। शल्य चिकित्सा छोड़कर सभी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं यहां उपलब्ध रहेंगी। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महानगर उपाध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने किया। संयुक्त व्यापार संघ के उपाध्यक्ष नीरज मित्तल, क्षेत्रीय पार्षद मनीष पंवार, भाजपा नेता गणेश अग्रवाल, राजेश खन्ना, हेतराम शाक्य, निशांक गर्ग, पार्षद विक्रांत ढाका, लोकेश चौहान आदि मौजूद रहे।