गंगोह/सहारनपुर। सांगाठेड़ा गांव के बहुचर्चित चौहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता योगेश रोहिला के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर ली है। अब सिर्फ फॉरेंसिक रिपोर्ट (एफएसएल) का इंतजार है। इसके बाद चार्जशीट को अदालत में पेश कर दिया जाएगा। सूत्रों की मानें तो चार्जशीट में इस हत्याकांड को सुनियोजित साजिश करार दिया गया है।
यह था मामला
22 मार्च को गांव सांगाठेड़ा में भाजपा नेता योगेश रोहिला ने अपनी पत्नी नेहा और तीन मासूम बच्चे श्रद्धा, देवांश और शिवांश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी भाजपा नेता ने पुलिस अधिकारियों को फोन कर बताया था कि पत्नी और बच्चे मार दिए, जल्दी आओ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
20 गवाह, वीडियो फुटेज और असलहा अहम सबूत
पुलिस ने करीब 20 गवाहों के बयान, वीडियो फुटेज, बरामदगी, डॉक्टरी परीक्षण रिपोर्ट, पिस्टल और मृतकों के शरीर से बरामद गोलियों के मिलान आदि सबूतों को चार्जशीट का हिस्सा बनाया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने चार्जशीट में इसका भी जिक्र किया है कि हत्या से पहले योगेश रोहिला ने खुद को मानसिक तनाव में दर्शाना चाहा था। हत्या से करीब दो-तीन महीने पहले से ही वह कुछ लोगों से यह कह रहा था कि वह मानसिक तनाव में है और इलाज करवा रहा है, जिससे अदालत में यह दलील दी जा सके कि उसने यह हत्याएं मानसिक असंतुलन की स्थिति में की। पुलिस ने इस दावे को चार्जशीट में एक पूर्व नियोजित साजिश करार दिया है। एफएसएल रिपोर्ट मिलते ही चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।
योगेश की राजनीतिक महत्वाकांक्षा का भी जिक्र
चार्जशीट में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि योगेश रोहिला के अंदर लंबे समय से राजनीतिक प्रभाव बढ़ाने की अति महत्वाकांक्षा पनप रही थी। भाजपा की जिला कार्यसमिति में सदस्य रहते हुए वह खुद को एक बड़ा नेता साबित करने की कोशिशों में जुटा था। पुलिस को मिले बयानों में यह संकेत मिले कि योगेश चाहता था कि उसका परिवार और निजी जीवन उसकी राजनीतिक छवि में बाधा न बने। यही कारण है कि मानसिक असंतुलन की झूठी कहानी, तांत्रिकों से संपर्क और पत्नी पर शक जैसी बातें उसके शातिर षडयंत्र और राजनीतिक छवि बचाने की साजिश का हिस्सा थीं।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने का अनुरोध करेगी पुलिस
इस जघन्य हत्याकांड को लेकर पुलिस ने जहां पुख्ता चार्जशीट तैयार की है, वहीं वह इसे फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की सिफारिश करने की तैयारी कर रही है। पुलिस का मानना है कि समाज को झकझोर देने वाले इस निर्मम पारिवारिक हत्याकांड में आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई मिलनी चाहिए।