विधानसभा चुनाव के पहले चरण के चुनाव में पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए हैं। 80 कंपनी केंद्रीय पैरा मिलिट्री फोर्स (सीपीएमएफ) के अलावा 12 हजार से ज्यादा पुलिस, पीएसी, आरआरएफ और होमगार्ड के जवान सुरक्षा संभालेंगे। जबकि किसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लाइन में दस कंपनी सीपीएमएफ और पीएसी को रिजर्व में रखा गया है।
खुफिया विभाग से इनपुट मिलने के बाद जिले के 203 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील मानते हुए यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सरधना, किठौर और सिवालखास के अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है। एसएसपी जे. रविंद्र गौड़ ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर फोर्स पहुंच चुकी है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर तैनात फोर्स को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अराजक तत्वों से सख्ती से निपटा जाए।
हेलीकाप्टर पुलिस लाइन पहुंचा
मतदान की निगरानी हेलीकाप्टर से होगी। इसको लेकर शुक्रवार को पुलिस लाइन में हेलीकाप्टर पहुंच गया। जिसमें एक महिला सीओ की ड्यूटी लगाई है। दूरबीन के जरिये एक्टिविटी देखी जाएगी। आपातकालीन स्थिति में हेलीकाप्टर से अधिकारी पहुंचेंगे।
देहात में अतिरिक्त सतर्कता
मोदीपुरम/दौराला। दौराला में इस बार 85 बूथ ओर 54 सेंटर बनाए गए हैं। एक सेंटर पर आठ जवानों को तैनात किया गया है। कैली, रूहासा, मटौर, भराला, सिवाया, मवीमीरा, सरसवा, शाहपुर जदीद, मछरी, पबरसा औेर बफावत को अतिसंवेदनशील श्रेणी में शामिल किया गया है। इंस्पेक्टर दौराला यशवीर सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर फोर्स तैनात हो गई है। इंस्पेक्टर पल्लवपुरम सतेंद्र प्रकाश ने बताया कि मोदीपुरम क्षेत्र में 58 बूथ और 23 पोलिंग सेंटर है। सभी पर अर्धसैनिक बल तैनात किया गया है। वहीं, लावड़ में बिसौला, चिंदौड़ी, जमालपुर, देदवा, खरदौनी को अतिसंवेदनशील माना गया है।