- आदर्श नगर स्थित शिव मंदिर के मैदान में होगा भव्य भक्ति आराधना एवं जागरण
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। धर्मनगरी सरधना में भगवान पारसनाथ एवं मां पद्मावती की पांचवीं भव्य भक्ति आराधना एवं जागरण का आयोजन 14 अक्टूबर को किया जाएगा। आदर्श नगर स्थित शिव मंदिर के मैदान में होने वाले कार्यक्रम को लेकर आयोजकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन में भजन और भक्ति गीतों के माध्यम से श्रद्धालु भगवान पारसनाथ एवं मां पद्मावती की आराधना करेंगे।
जागरण में जयपुर के भजन कलाकार राजीव विजयवर्गी, इंदौर के रूपेश जैन और कस्बे की कोमल जैन भक्ति प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। भजन कलाकारों की प्रस्तुतियों और भगवान पारसनाथ एवं मां पद्मावती के जयकारों से माहौल भक्तिमय होने की उम्मीद है। आयोजक मंडल के अनुसार पांचवीं बार आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजक भगवान पारसनाथ एवं मां पद्मावती भक्त मंडल ने सरधना और आसपास के क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भक्ति आराधना एवं जागरण में शामिल होने का आह्वान किया है। कार्यक्रम सकल जैन समाज, सरधना के निवेदन पर आयोजित किया जा रहा है।