सहारनपुर की अंबा विहार कालोनी में आयोजित सत्संग के दौरान एसएसीएसटी आयोग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्य सभा सांसद पीएल पूनिया, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद, भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर सहित अन्य श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। यहां चंद्रशेखर ने कहा कि हमारे 45 भाईयों को जेल में डाला गया और 55 घर फूंके गए।
उन्होंने कौम को आजादी एवं सम्मान पाने के लिए आगामी 2019 चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने का आह्वान किया। कहा कि समाज के लोगों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने डीएम और एसएसपी को इस बारे में चेतावनी दे दी है कि यदि समाज के लोगों पर 107/16 की उत्पीड़नात्मक कार्रवाई हुई तो समाज जबरदस्त आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर ही ऐसे आंदोलन चल पाएंगे।
9 अक्टूबर को लेंगे डा. आंबेडकर के सपनों को पूरा करने का संकल्प
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने कहा कि आगामी नौ अक्टूबर को बाबा साहब के परिनिर्वाण दिवस पर भीम आर्मी बाबा साहब के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेगी। चंद्रशेखर ने कहा कि बाबा साहब ने नारा दिया था कि आरक्षण से एसपी-डीएम जबकि वोट से सीएम-पीएम लेंगे। कहा कि डा. आंबेडकर की बदौलत ही समाज के युवा आज एसपी और डीएम तक बन पा रहे हैं। अब वक्त आ गया है कि हमें एकजुट होकर वोट से सीएम और पीएम भी बनाना होगा।
उन्होंने युवाओं से कहा कि वह सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक टिप्पणी न करें। विरोधियों ने युवाओं को भड़काकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने का षडयंत्र रच रखा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का प्रयोग केवल जानकारी करने के लिए ही करें। कोई भड़काऊ कमेंट ना करें। कहा कि जेल में बंद साथियों को रिहा कराने के लिए दिसंबर में दिल्ली में बडा आंदोलन किया जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/