चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के 29वें दीक्षांत समारोह में शुक्रवार को कुलाधिपति राम नाईक ने एमजेएमसी की टॉपर शालू चोपड़ा को अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक से नवाजा और प्रशस्ति पत्र भी दिया।
इस अवसर पर कुलाधिपति ने एमकॉम रेग्यूलर की टॉपर आरती सिंहल और एमकॉम प्राइवेट में टॉपर रहे मोहम्मद अजमान खान को मुरारीलाल माहेश्वरी मेमोरियल स्वर्ण पदक भी दिया।
दिल्ली के सूरजमल विहार निवासी शालू अपने पिता पूरन चंद चोपड़ा और चाचा श्याम चोपड़ा के साथ पदक लेने आई थीं। कुलाधिपति राम नाईक ने उन्हें अमर उजाला के नवोन्मेषक अतुल माहेश्वरी की स्मृति में दिए जाने वाले अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक से नवाजा। शालू फिलहाल इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी के एक कॉलेज में पढ़ा रही हैं।
ये भी पढ़ें- 18 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने दी अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा, जबरदस्त उत्साह
वह पीएचडी करने के बाद टीचर बनना चाहती हैं। पदक मिलने के बाद शालू ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए कहा आज एक दिन मिला लोगों को बताने और दिखाने का, कि मैंने कुछ अचीव किया है। शालू की मां पुष्पा चोपड़ा गृहणी हैं।
साथ ही कुलाधिपति ने एमकॉम (रेग्युलर) की टॉपर आरती सिंहल और एमकॉम प्राइवेट के टॉपर मोहम्मद अजमान खान को अमर उजाला के संस्थापक मुरारीलाल माहेश्वरी की स्मृति में दिए जाने वाला मुरारीलाल माहेश्वरी मेमोरियल स्वर्ण पदक दिया।
आरती मेरठ में माधवपुरम की रहने वाली हैं। वह अपने जीजा नितिन रस्तोगी के साथ पदक लेने आई थीं। आरती शिक्षक बनना चाहती हैं। मोहम्मद अजमान लेखपाल हैं। वह भी शिक्षक बनना चाहते हैं। सरकारी नौकरी में होने की वजह से उन्होंने एमकॉम प्राइवेट किया और टॉपर बने।