कप्तान ने भाजपा विधायक के भतीजे की कार सीज कराई
मेरठ। एसएसपी अजय साहनी ने गलत दिशा में कार खड़ी करने पर भाजपा विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के भतीजे की कार को सीज करा दिया। काफी मशक्कत के बाद जुर्माना देकर कार को छुुड़वाय गया।
शुक्रवार दोपहर डीएम के.बालाजी और एसएसपी अजय साहनी शहर के भ्रमण पर निकले थे। बच्चा पार्क से खैरनगर की ओर जाने वाले रास्ते पर फिल्मिस्तान सिनेमा के सामने अचानक उनके चालक को गाड़ी के ब्रेक लगाने पड़े। एसएसपी अजय साहनी ने देखा कि सामने गलत दिशा में भाजपा का झंडा लगी एक कार खड़ी है। इस कारण जाम लगा है। जाम में एंबुलेंस फंसी देख वह नाराज हो गए।
उन्होंने कार सीज करने के लिए कहा। यह देख पास ही मौजूद भाजपा नेता व गाड़ी मालिक साकेत निवासी अमित अग्रवाल एसएसपी से मिले और गाड़ी खुद की होने की जानकारी दी। उन्होंने यहां तक बताया कि वह कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के भतीजे हैं, लेकिन एसएसपी ने कार को थाने भेज दी। अमित ने विधायक को पूरा मामला बताया और कार के साथ थाने आ गए। उसके बाद कुछ लोग एसएसपी अजय साहनी से मिले। एसएसपी से सीओ सिविल लाइन को फ़ोन कराया गया लेकिन तब तक गाड़ी सीज हो चुकी थी। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह ने बताया कि जुर्माना लेने के बाद कार को छुड़वा दिया गया।