कई वार्डाें में बनेंगे नाली खडंजे, 1.40 करोड़ होंगे खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे में जर्जर सड़कों और जल निकासी की समस्या से राहत दिलाने के लिए मंगलवार को नगर पंचायत की ओर से 14 निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया गया। चेयरपर्सन सुधा खटीक ने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर करीब 1.40 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। उनके साथ व्यापारी भी रहे।
इन निर्माण कार्यों में नाला, सीसी सड़क और पानी निकासी से जुड़े कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं। चेयरपर्सन सुधा खटीक ने कहा कि पांडव नगरी का लगातार विकास कराया जा रहा है। पहले कस्बे के मुख्य मार्गों की कनेक्टिविटी को बेहतर किया गया और अब विभिन्न वार्डों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली सड़कों का सीसी सड़क के रूप में निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हस्तिनापुर के विकास को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक उपेक्षा झेलने वाली पांडव नगरी अब तेजी से विकास की ओर बढ़ रही है। नगर पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कराए जा रहे हैं। इस दौरान सभासद रोहित, धर्मेंद्र, नीरज, सोमनाथ पपनेजा पपनेजा, गोपाल कुकरेजा, राजेश बत्रा, नगर पंचायत कर्मचारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।