मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों ने मंगलवार को दस्तावेज तैयार किए। सेंट्रल मार्केट के अलावा शास्त्रीनगर एल-ब्लॉक, के-ब्लॉक, जागृति विहार और माधवपुरम आदि स्थानों के भी व्यापारियों ने बाजार स्ट्रीट बनाने के लिए आवेदन पत्र तैयार किए। दोपहर बाद कैंट विधायक अमित अग्रवाल से व्यापारी मिले और दस्तावेज सौंपे।
बुधवार को कैंट विधायक आवास एवं विकास परिषद के अधिकारियों से मिलकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। सेंट्रल मार्केट के आवासीय भवन 661/6 में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 25 अक्तूबर को ध्वस्तीकरण किया गया था। इसी के साथ 31 भूखंड पर बनाई गई 90 दुकानें के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी प्रक्रिया में है। ध्वस्तीकरण के बाद से 22 व्यापारी परेशान थे और लगातार पुनर्वास की मांग कर रहे थे। सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ के अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, महामंत्री नमित जैन, उपाध्यक्ष दिनेश मखीजा, गौरव विरमानी, बंटी स्वाति, पम्मी आदि ने व्यापारियों से दस्तावेज और आवेदन लेकर कैंट विधायक अमित अग्रवाल को उनके आवास पर सौंपे।
कैंट विधायक ने सेंट्रल मार्केट समेत शहर के तमाम इलाकों में 30-40 साल से चल रहे बाजारों को नियमित करने के लिए इसे बाजार स्ट्रीट घोषित करने का प्रस्ताव तैयार किया। उन्होंने बताया कि बाजार स्ट्रीट के तहत दुकानदार इन क्षेत्रों में व्यवसाय भी कर सकेंगे। नई आवास निर्माण नियमावली में कई प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत व्यापारियों को राहत दिलाने को शासन में प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के अध्यक्ष कमिश्नर को पत्र लिखकर महायोजना-2031 में बाजार स्ट्रीट के तहत संशोधन को भी पत्र लिखा है। मंगलवार को आवास विकास कार्यालय में अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।