- लोग खुद ही घन, हथौड़े और ड्रिल मशीन से सेटबैक को तुड़वा रहे घर
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट के सेक्टर-2 और गोल मंदिर के पास सेक्टर-3, 4 के चौराहे पर सेट बैक के खिलाफ महिलाओं का धरना लगातार चल रहा है। सोमवार को भी महिलाओं ने धरना दिया और भजन-कीर्तन कर घर बचाने की प्रार्थना की। वहीं मामले में सुप्रीम कोर्ट में 14 जुलाई को सुनवाई होनी है। जैसे-जैसे तिथि नियत आ रही है वैसे ही महिलाओं और व्यापारियों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। महिलाओं का धरना अब रात दस बजे तक चल रहा है, जिसमें काफी संख्या में व्यापारी भी शिरकत कर रहे हैं।
उच्चतम न्यायालय के आदेश पर शास्त्रीनगर स्कीम नंबर सात में आवास एवं विकास परिषद लगातार कार्रवाई कर रहा है। 20 जून से आरटीओ रोड, गुरुद्वारा रोड, गोल मंदिर रोड और सेंट्रल मार्केट में सेटबैक छोड़ने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान करीब 40 भवनों में सेटबैक के लिए जेसीबी और ड्रिल मशीन से ध्वस्तीकरण किया गया। मकानों के छज्जे, ऊपरी भाग की बाउंड्री और बाहरी दीवारों को ध्वस्त किया गया। अब लोग खुद ही अपने भवनों पर घन, हथौड़े और मशीन से तोड़फोड़ कर रहे हैं। अधिकांश भवनों के बाहर ही मलबा पड़ा है। पूरे क्षेत्र में लगातार हथौड़े, घन और ड्रिल मशीन की आवाजें गूंज रही हैं।
महिलाओं का कहना है कि अल्प और दुर्बल आय वर्ग के छोटे-छोटे मकान हैं, जिनमें दुकानें भी बंद कर चुके हैं। महज चार इंच की दीवार पर बने मकान सेट बैक छोड़ने पर भरभराकर गिर पड़ेंगे। इस दौरान शीतल पुजानी, शालू गुप्ता, मीनू, जगरोशनी, किरण, निधि, चेतना आदि मौजूद रहीं।
दूसरी ओर, गोल मंदिर सेक्टर-3, 4 के चौराहे पर सोमवार को भी महिलाओं ने धरना दिया। काफी संख्या में इकट्ठा होकर महिलाओं ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और प्रशासन से शीघ्र समाधान की गुहार लगाई। बीना भार्गव, प्रीति कपूर, ऊषा पांडे, पूनम गुप्ता, सरोज, मुकेश आदि मौजूद रहीं।
-