छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय पर लापरवाही का आरोप लगा तारीख बदलने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के चलते एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा कार्यक्रम में किए गए फेरबदल ने छात्रों को असमंजस और परेशानी में डाल दिया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूर्व में 21 मई को स्थगित की गई एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर की कोड के-2003 परीक्षा के लिए नई तिथि 5 जून निर्धारित की थी। इसी बीच 28 मई को प्रस्तावित कोड के-2004 की परीक्षा को ईद-उल-अजहा (बकरीद) के कारण स्थगित करते हुए उसकी नई तिथि भी 5 जून तय कर दी गई।
हैरानी की बात यह है कि दोनों स्थगित परीक्षाएं अब एक ही दिन, एक ही समय और एक ही शिफ्ट में आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा कार्यक्रम देखने के बाद छात्र हक्के-बक्के रह गए हैं, क्योंकि एक ही छात्र एक साथ दो अलग-अलग विषयों की परीक्षा कैसे देगा, यह बड़ा सवाल बन गया है।
पूर्व महामंत्री छात्र संघ अंकित अधाना ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि परीक्षा कार्यक्रम को देखकर ऐसा प्रतीत होता है जैसे बिना किसी योजना के कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ही छात्र एक ही समय पर दो अलग-अलग कोड की परीक्षा नहीं दे सकता। उन्होंने ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि परीक्षा कार्यक्रम में तत्काल संशोधन कर दोनों परीक्षाओं की अलग-अलग तिथियां घोषित की जाएं।