चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है। विश्वविद्यालय ने दूसरी वरीयता सूची जारी करने की समय-सारणी घोषित की है। परिसर विभाग और संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित किए जाएंगे। दूसरी वरीयता सूची में शामिल अभ्यर्थियों के प्रवेश सात और आठ सितंबर को पूरे होंगे।
विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक के निर्देशों के अनुसार, एलएलबी प्रवेश के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों का विवरण समर्थ पोर्टल से डाउनलोड होगा। यह डाउनलोड तीन और पांच सितंबर को किया जाएगा। इसके आधार पर निर्धारित सीटों के सापेक्ष दूसरी वरीयता सूची तैयार होगी। मेरिट बनाते समय आरक्षण के वर्टिकल और हॉरिजॉन्टल नियमों का पालन होगा। इसमें अन्य राज्य कोटे का भी ध्यान रखा जाएगा। विश्वविद्यालय ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों के प्रवेश आठ सितंबर तक अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मेरिट का आधार और वेटेज
एलएलबी प्रवेश के लिए योग्यता क्रम तय करते समय अभ्यर्थी के तीन वर्ष या उससे अधिक अवधि वाले स्नातक या दो वर्षीय परास्नातक पाठ्यक्रम में अधिक प्रतिशत अंक मेरिट का आधार होंगे। अभ्यर्थियों को मिलने वाले निर्धारित वेटेज भी मेरिट में जोड़े जाएंगे। इनमें वार्ड कोटा, एनसीसी/एनएसएस और सीसीएसयू से स्नातक करने जैसे वेटेज शामिल हैं। पंजीकृत अभ्यर्थियों के परास्नातक अंक एक्सेल शीट में ''अन्य योग्यता-1'' से ''अन्य योग्यता-5'' तक के कॉलम में दर्ज हैं। महाविद्यालयों को मेरिट बनाते समय इन अंकों का संज्ञान लेने को कहा गया है।
प्रवेश कार्यक्रम और प्रक्रिया
विश्वविद्यालय परिसर विभाग पांच सितंबर की शाम प्रवेश शुल्क जमा करने का कार्यक्रम जारी करेगा। चयनित अभ्यर्थी सात और आठ सितंबर को प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे। संबद्ध महाविद्यालय और संस्थान भी पांच सितंबर की शाम प्रवेश के लिए चयनित अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रस्ताव भेजेंगे। सात और आठ सितंबर को परिसर विभाग और महाविद्यालयों में अभिलेखों की जांच होगी। प्रवेश प्रस्ताव स्वीकार करने वाले अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य अभिलेखों की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही प्रवेश को अंतिम रूप दिया जाएगा।
पोर्टल संबंधी विशेष निर्देश
विश्वविद्यालय ने दूसरी वरीयता सूची को पोर्टल पर अलग से अपलोड न करने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों के लिए सीधे ''रिव्यू एंड प्रोसेस'' विकल्प से प्रवेश प्रस्ताव या शुल्क कार्यक्रम जारी होगा। प्रवेश प्रक्रिया समझने के लिए समर्थ प्रवेश पोर्टल पर एक प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) अपलोड है। सभी संबंधित विभागों को इसका अवलोकन करने को कहा गया है। महाविद्यालयों को ''रजिस्ट्रेशन डाटा'' टैब से पाठ्यक्रमवार डाटा डाउनलोड करने को कहा गया है, ''ऑल रजिस्ट्रेशन डाटा'' टैब से नहीं क्योंकि उसमें वेटेज के कॉलम उपलब्ध नहीं हैं। यदि डाटा में डुप्लीकेट विवरण मिले तो एक्सेल के ''रिमूव डुप्लीकेट'' विकल्प का उपयोग करें।
ये भी देखें...
मेरठ: गंगानगर में टोल कारोबारी के घर ईडी का छापा, फर्जी स्लिप से वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग में कार्रवाई की आशंका