11 अगस्त तक ऑफर लेटर डाउनलोड कर पसंदीदा कॉलेज में करना होगा आवेदन, 13-14 अगस्त को होंगे प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम के लिए बीए बीएड, बीकॉम बीएड एवं बीएससी बीएड में प्रवेश द्वितीय एवं अंतिम ओपन मेरिट के तहत प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार ओपन मेरिट में वे अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं जिन्हें प्रथम, द्वितीय, तृतीय अथवा प्रथम ओपन वरीयता सूची में संस्थान आवंटित हुआ था, लेकिन किसी कारणवश प्रवेश नहीं ले सके। इसके अलावा ऐसे सभी पंजीकृत अभ्यर्थी, जिनका नाम अब तक किसी भी वरीयता सूची में नहीं आया है, वे भी इसमें भाग ले सकेंगे। जिन अभ्यर्थियों ने पहले पंजीकरण नहीं कराया था, उन्हें भी विश्वविद्यालय पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर ओपन मेरिट में शामिल होने का अवसर दिया गया है।
5 से 11 अगस्त तक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय पोर्टल से अपना ओपन ऑफर लेटर डाउनलोड कर उसे भरकर अपनी पसंद के संस्थान की ई-मेल आईडी पर भेजेंगे। 12 अगस्त को संबंधित संस्थान मेरिट सूची तैयार करके अपने नोटिस बोर्ड एवं वेबसाइट पर जारी करेंगे। 13 और 14 अगस्त को मेरिट सूची और उपलब्ध सीटों के आधार प्रवेश होंगे।
इस प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत सीसीएसयू परिसर, राम चमेली चड्ढा विश्वास गर्ल्स पीजी कॉलेज, गाजियाबाद, नोएडा कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन, ग्रेटर नोएडा, एसपीएस कॉलेज, बड़ौत (बागपत) और आईपी पीजी कॉलेज, बुलंदशहर में संचालित पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों का पालन करते हुए समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।