Meerut News: स्नातक (यूजी) तथा स्नातक स्तर के सर्टिफिकेट एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में पंजीकरण की तिथि बढ़ाई गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट कर दिया है कि इसके बाद तारीख नहीं बढ़ाई जाएगी, इसलिए समय रहते आवेदन कर दें।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) तथा स्नातक स्तर के सभी सर्टिफिकेट एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 जुलाई कर दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित थी।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परिसर एवं संबद्ध कॉलेजों में संचालित सभी यूजी, सर्टिफिकेट और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी अब 10 जुलाई तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.ccsuniversity.ac.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। जिन अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि रह गई है, उन्हें भी 10 जुलाई तक संशोधन का अवसर दिया गया है।
विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से समय रहते पंजीकरण एवं त्रुटि सुधार की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। अब तक विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध कॉलेजों के यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों के लिए 1,04,839 से अधिक ऑनलाइन पंजीकरण हो चुके हैं। प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यूजी एवं पीजी दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 10 जुलाई तक जारी रहेगी।
एलएलबी प्रथम वर्ष के पंजीकरण जुलाई के पहले सप्ताह में
विश्वविद्यालय प्रशासन ने एलएलबी प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए भी जुलाई के प्रथम सप्ताह में ऑनलाइन पंजीकरण शुरू करने की तैयारी की है। प्रवेश समन्वयक के अनुसार, तकनीकी कारणों से पंजीकरण प्रक्रिया पहले शुरू नहीं हो सकी।
एलएलएम, एमएड, बीपीएड और एमपीएड प्रवेश परीक्षा आवेदन भी 10 जुलाई तक
विश्वविद्यालय ने एलएलएम, एमएड, बीपीएड और एमपीएड पाठ्यक्रमों में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि भी 10 जुलाई तक बढ़ा दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून थी। विश्वविद्यालय के अनुसार, 1 जुलाई से 10 जुलाई तक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन करने के साथ निर्धारित शुल्क भी जमा कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 10 जुलाई के बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन की तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी। प्रवेश परीक्षा-2026 के समन्वयक द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि छात्रों के हित को देखते हुए ही आवेदन की अंतिम तिथि का विस्तार किया गया है।