संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में पीएचडी में प्रवेश के लिए आवेदन करने से वंचित रह गए अभ्यर्थियों को राहत मिली है। विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में पीएचडी के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 अक्तूबर कर दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 25 सितंबर निर्धारित की गई थी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव कृष्ण कुमार यादव के अनुसार कुलपति के आदेश पर छात्र हित में आवेदन की तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इससे उन अभ्यर्थियों को आवेदन का अतिरिक्त अवसर मिलेगा जो निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर सके थे।
वहीं, विश्वविद्यालय ने शोध सलाहकार समितियों (आरएसी) के संयोजकों से अपने-अपने विषयों में पीएचडी प्रवेश के लिए साक्षात्कार की तिथि निर्धारित करने और इसकी जानकारी शोध विभाग को उपलब्ध कराने को कहा है। इससे अभ्यर्थियों को साक्षात्कार संबंधी सूचना समय से जारी की जा सकेगी।