मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में एलएलएम सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए दूसरी और अंतिम ओपन मेरिट जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत अभ्यर्थी दो और तीन नवंबर को अपने ब्लैंक ऑफर लेटर संबंधित महाविद्यालय या विश्वविद्यालय परिसर के विधि विभाग में जमा कर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने इसके लिए दो कार्य दिवस निर्धारित किए हैं।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, अभ्यर्थियों को अपनी लॉगइन आईडी से ब्लैंक ऑफर लेटर डाउनलोड करना होगा। इसमें अपने हाथ से संबंधित महाविद्यालय या विश्वविद्यालय परिसर के विभाग का नाम लिखकर जमा करना होगा। ऑफर लेटर जमा करते समय अभ्यर्थियों को उसकी छात्र प्रति (स्टूडेंट कॉपी) भी प्राप्त करनी होगी। जमा किए गए ऑफर लेटर के आधार पर रिक्त सीटों के सापेक्ष संबंधित महाविद्यालय और परिसर विभाग नियमानुसार वरीयता सूची और प्रतीक्षा सूची तैयार करेंगे। इसके बाद चार और पांच नवंबर को प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विश्वविद्यालय ने सभी संबंधित महाविद्यालयों और परिसर विभागों को पांच नवंबर तक प्रवेश कन्फर्म करना अनिवार्य किया है।