सीसीएसयू की सेमेस्टर परीक्षा का सीन अभी साफ नहीं हो रहा है। परीक्षा फार्म भरने में हो रही देरी की वजह से दिक्कत हो रही है। विवि ने नई कंपनी को काम देने के लिए काफी मशक्कत की है। कई कंपनियों के प्रजेंटेशन देखे। पुरानी कंपनी से डाटा लेना है। डाटा वेरीफिकेशन का भी काम है। इस सब गणित में विवि फिलहाल उलझा है। सोमवार को परीक्षा फार्म भरवाने का शेड्यूल जारी होने की संभावना है।
करीब चार साल पहले विवि ने ऑनलाइन सिस्टम अपनाया था। ऑनलाइन मोड पर आने के बाद काम में तेजी की जगह हर साल देरी हो रही है। सुधार नहीं होने और कंपनी बदलने की वजह से दिक्कत होती है। कंपनियां विवि को परेशान करने में कमी नहीं छोड़ रहे। अधिकारी बदलते ही कंपनी बदलने की संभावना प्रबल हो जाती है। क्योंकि काम डाटा के आधार पर हो रहा है, इसलिए डाटा ट्रांसफर करने और उसे इस्तेमाल करने में दिक्कत आ रही है।
ऑनलाइन मोड पर आने के बाद विवि को जितना फायदा मिलना चाहिए था, उतना नहीं मिल रहा। पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स के सेमेस्टर के फार्म अभी नहीं आए हैं। विवि 15 जनवरी से परीक्षा शुरू करने की बात कह रहा था। 15 तक फार्म भी नहीं भर पाएंगे। सेमेस्टर परीक्षा फरवरी से पहले होने वाली नहीं है। वहीं वार्षिक मुख्य परीक्षा और प्राइवेट के भी फार्म भरे जाने हैं। पिछले दो-तीन दिन से कंपनी फाइनल करने और डाटा ट्रांसफर करने पर विवि के अधिकारी माथापच्ची कर रहे हैं। सोमवार को सेमेस्टर के एग्जाम फार्म की डेट आने की उम्मीद है।