सीसीएसयू में शुक्रवार को सहारनपुर के श्री साईं बीएड कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने वीसी आवास का घेराव किया। छात्रों को विश्वविद्यालय ने एक पेपर देने के बाद परीक्षा देने से रोक दिया है।
फिलहाल बीएड सत्र 2014-15 की लिखित परीक्षा चल रही हैं। सहारनपुर के श्री साईं कॉलेज में काउंसिलिंग से बीएड के छात्र-छात्राओं का एडमिशन हुआ था। 29 सितंबर को बीएड की परीक्षा शुरू हुई। उक्त छात्रों के एडमिट कार्ड अपलोड नहीं किए गए। पहले पेपर में प्रोविजनली छात्रों को बैठने दिया गया।
इसके बाद विवि ने छात्रों को परीक्षा देने से रोक दिया। अहम बात यह है कि छात्रों का एडमिशन काउंसिलिंग के माध्यम से हुआ है। विरोध में छात्रों ने शुक्रवार को कुलपति आवास का घेराव किया। वह आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। छात्रों की मुलाकात डिप्टी रजिस्ट्रार परीक्षा वीपी कौशल से हुई।
उन्होंने आश्वासन दिया कि कुलपति और रजिस्ट्रार से बातचीत के बाद शनिवार को रास्ता निकाला जाएगा। छात्रों को जो पेपर छूट गए हैं, उन्हें अलग से कराया जाएगा। वीपी कौशल का कहना है कॉलेज के खिलाफ आई शिकायत पर जांच कमेटी बैठी हुई है। इस वजह से एडमिट कार्ड अपलोड नहीं किए गए थे।