संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से रक्षा अध्ययन विषय की पीएचडी में अवमुक्त श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार की तिथि घोषित कर दी गई है। कुलसचिव अनिल कुमार यादव ने बताया कि यह साक्षात्कार 13 नवंबर को सुबह 10 बजे कुलसचिव कार्यालय परिसर के कमेटी हॉल में होगा। इससे पूर्व चार जुलाई को अवमुक्त श्रेणी के उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। अनुपस्थिति की स्थिति में आवेदन को निरस्त माना जाएगा। साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के साथ स्वप्रमाणित प्रतियां लानी होंगी। इनमें समस्त शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आवेदन फॉर्म, प्रवेश पत्र, छह पासपोर्ट साइज फोटो, पहचान पत्र, जाति प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, नेट/जेआरएफ प्रमाणपत्र, प्रस्तावित शोध क्षेत्र पर 500 शब्दों का लेख और नियोक्ता का अनापत्ति प्रमाणपत्र शामिल हैं। यह प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय के शोध अध्यादेश 2022 के प्रावधानों के तहत होगी। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर नवीनतम अपडेट देख सकते हैं।
समाजशास्त्र शोध उपाधि समिति की बैठक 14-15 को
मेरठ। सीसीएसयू समाजशास्त्र विभाग में शोध उपाधि समिति की बैठक 14 और 15 नवंबर को आयोजित की जाएगी। विभागीय सूचना के अनुसार यह बैठक पूर्वाह्न 10 बजे से शुरू होगी। इसमें वे सभी योग्य शोधार्थी उपस्थित होंगे, जिन्होंने पूर्व-पीएचडी पाठ्यक्रम पूरा कर लिया है। बता दें कि विभागीय शोध समिति की बैठक पहले हो चुकी है। बिना रूपरेखा के किसी भी शोधार्थी को समिति के समक्ष प्रस्तुति की अनुमति नहीं मिलेगी। इसके अलावा, जिन शोधार्थियों के समय विस्तार के मामले समिति को भेजे गए हैं, उन्हें भी उपस्थित होना जरूरी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि और समय पर अनुपस्थित रहने वाले शोधार्थियों की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। संवाद
-
बीएड स्पेशल प्रथम वर्ष का परिणाम जारी
सीसीएसयू ने बीएड (स्पेशल) प्रथम वर्ष 2025 सत्र के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों व संस्थानों के विद्यार्थी अब परिणाम देख सकते हैं। परिणाम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.ccsuniversity.ac.in पर सात नवंबर से उपलब्ध होंगे। विद्यार्थी आसानी से वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।