मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने पारंपरिक कोर्सेज के छात्र-छात्राओं को राहत दी है। इसमें वे विद्यार्थी शामिल हैं, जिनकी लिखित परीक्षाएं तो हो चुकी हैं, लेकिन प्रैक्टिकल या मौखिक परीक्षा किसी कारणवश छूट गई। बीएड, बीपीएड, एमपीएड, मेडिकल और पैरामेडिकल को छोड़कर सभी पारंपरिक पाठ्यक्रमों के ऐसे छात्र-छात्राएं अब अपनी डिग्री पूरी कर सकेंगे।
विवि की ओर से शुक्रवार को छूटी परीक्षाओं के लिए पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। परीक्षा के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 अक्तूबर थी। जिन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन फॉर्म गोपनीय विभाग की विंडो नंबर-40 पर जमा किए, उनकी परीक्षाएं अब तय केंद्रों पर होंगी। परीक्षा के लिए 10 केंद्र बनाए गए हैं। मुख्य केंद्रों में एमएमएच कॉलेज गाजियाबाद, डीएन पीजी कॉलेज मेरठ, मेरठ कॉलेज, एनएएस कॉलेज, आरजी पीजी कॉलेज, जीपीपी नोएडा, शहीद मंगल पांडे गर्ल्स कॉलेज मेरठ, भगवती कॉलेज ऑफ एजुकेशन मेरठ, जेवी कॉलेज बड़ौत और एलएन पीजी कॉलेज मेरठ शामिल हैं।
परीक्षाएं वार्षिक, सेमेस्टर और एनईपी सिस्टम के तहत होंगी। इसमें बीएससी फिजिकल एजुकेशन, बीए फिजिकल एजुकेशन, दर्शनशास्त्र, लाइब्रेरी साइंस, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बॉटनी, जूलॉजी, मैथ्स, स्टैटिस्टिक्स, कंप्यूटर एप्लीकेशन, स्पोर्ट्स, एमकॉम, उर्दू, डिफेंस स्टडीज, एमएड, एजुकेशन, सोशियोलॉजी, इकोनॉमिक्स, हिंदी, पॉलिटिकल साइंस, संस्कृत, हिस्ट्री, लॉ कोर्सेज, होम साइंस, पेंटिंग, साइकोलॉजी, ज्योग्राफी, इंग्लिश, फूड साइंस, माइक्रोबायोलॉजी, एमए फिजिकल एजुकेशन, बीए-बीएड, बीएससी एग्री, एमएससी एग्री और म्यूजिक जैसे विषय शामिल हैं।
केंद्र परीक्षा तिथि खुद तय करेंगे, उसके बाद छात्र एडमिट कार्ड डाउनलोड करेंगे। परीक्षा में एडमिट कार्ड दिखाना जरूरी होगा। मार्क्स ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड होंगे। केंद्र विवि को तारीख की कॉपी भेजेंगे। इस बारे में विद्यार्थी केंद्र से संपर्क करें या वेबसाइट चेक करें।