मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी राज्य विवि को परीक्षा फार्म भरने की बाध्यता से राहत दी है। नए नियम के अनुसार सत्र 2025-26 में चौधरी चरण सिंह विवि में भी समर्थ पोर्टल के माध्यम से सभी कक्षाओं के फार्म भरे जाएंगे।
बता दें कि इस व्यवस्था के लागू होने के बाद विवि में एजेंसी का दखल खत्म हो जाएगा। अभी तक सीसीएमयू की ओर से प्रवेश व परीक्षा फार्म भरवाने के लिए एजेंसी को हायर करना पड़ता था, लेकिन अब समर्थ पोर्टल के माध्यम से यह कार्य किया जाएगा। समर्थ की शुरूआत 2019 में शिक्षा मंत्रालय की ओर से की गई थी। इस प्रक्रिया के लागू होने के बाद बजट सुव्यवस्थित होने के साथ ही प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी होगी और सेवाओं में सुधार होगा। इतना ही नहीं पोर्टल के माध्यम से विवि व उससे संबंधित कर्मचारियों व छात्रों पर भी निगरानी रहेगी।
शासन के आदेश के बाद विवि की ओर से समर्थ पोर्टल पर छात्रों का डाटा अपलोड करने की प्रक्रिया को पहले ही शुरू कर दिया गया था। इसके तहत 4 लाख 22 हजार विद्यार्थियों में में अब तक विवि की ओर में 3 लाख से अधिक विद्यार्थियों का डाटा पोर्टल पर अपलोड कर लिया गया है। फिलहाल इसमें यूजी और पीजी के ट्रेडिशनल और प्रोफेशनल कोर्स की मुख्य परीक्षाओं में पास विद्यार्थियों को शामिल किया जा रहा है।