मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबंधित मंडल के छह जिलों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए बुधवार को पहली मेरिट जारी की जाएगी। मेरिट के माध्यम से ऐडिट कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। मेरठ कॉलेज, एनएनएस, आरजी कॉलेज और न एनएएस कॉलेज की मेरिट हाई रहने की संभावना है। इसके तहत कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में 18 जुलाई से प्रवेश होंगे।
वहीं, बीए, बीएससी बॉयो, कंप्यूटर साइंस, इंडकेमेस्ट्री, इंस्डस्ट्रियल माइक्रोबॉयोलॉजी, गणित, सांख्यिकी, कॉमर्स, होम साइंस, क्लीनिकल न्यूट्रीशन एंड डाइटिक्स और बीएससी कृषि में 91 हजार 880 सीटों पर 59 हजार 406 छात्र-छात्रा लाइन में हैं। बता दें कि विवि परिसर में 1200 से अधिक सीटों के लिए जारी दूसरी कटऑफ से मंगलवार को पहले दिन केवल 42 प्रवेश हुए। पहली मेरिट सहित परिसर में 365 प्रवेश हो चुके हैं। परिसर में 38 कोर्स में 1562 सीटें हैं।
विवि ने जारी किए परिणाम
विवि ने एलएलएम द्वितीय सेमेस्टर, बीएससी केमेस्ट्री ऑनर्स चतुर्थ सेमेस्टर, बीटेक द्वितीय सेमेस्टर सभी ब्रांच, बैचलर इन सिनेमेटोग्राफी और फिल्म थियेटर स्टडी का चतुर्थ सेमेस्टर का परिणाम जारी कर दिया है। छात्र आज से विवि वेबसाइट से परिणाम देख सकते हैं।
एमएड-एलएलएम एंट्रेंस का रिजल्ट जारी
विवि ने कैंपस और संबद्ध कॉलेजों में एलएलएम एवं एमएड कोर्स में प्रवेश के लिए 29 जून को हुई परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। विवि ने भाषा माध्यम नहीं लिखने पर एलएलएम में चार और बुकलेट सीरीज नहीं दर्ज करने पर एमएड में एक अभ्यर्थी का रिजल्ट रोक लिया है। हालांकि ये छात्र अपने रिजल्ट के लिए कैंपस स्थित डीएसडब्ल्यू ऑफिस में संपर्क कर सकते हैं। विवि जल्द ही एमएड, एलएलएम कोर्स में प्रवेश के लिए कांउसिलिंग शुरू कर देगा। अगले हफ्ते तक विवि इन दोनों कोर्स के लिए काउंसिलिंग कार्यक्रम जारी करने की तैयारी में है।