मेेरठ। सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में यूजी-पीजी फाइनल ईयर वार्षिक प्रणाली की परीक्षाएं मंगलवार (आज) से शुरू हो रही हैं। बिना मास्क के किसी भी छात्र-छात्रा को केंद्र पर अनुमति नहीं मिलेगी। मेन गेट पर थर्मल स्कैनिंग होगी। सेंटरों पर सैनिटाइजेशन की पूरी व्यवस्था होगी। हर पाली की परीक्षा से पहले और बाद में कमरों में सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। पहले दिन दोपहर और शाम की पाली में बीए और एमए की परीक्षाएं होंगी। अगर किसी छात्र को बुखार है तो उसकी परीक्षा अलग कक्ष में करानी होगी।
सीसीएसयू के कॉलेजों में छह महीने से अटकी परीक्षाएं आज से मेरठ-सहारनपुर मंडल के नौ जिलों में 216 सेंटरों पर कराई जा रही हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. रूपनारायण ने बताया कि सेंटर अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि कमरों में पहले निर्धारित परीक्षा से आधे छात्र-छात्रा ही बिठाए जाएंगे। अगर किसी कमरे में पहले 40 छात्रों की क्षमता थी तो वहां पर 20 छात्र एवं अगर कोई बड़ा हॉल है और उसमें छात्रों का सिटिंग प्लान तीन सौ था तो अब 100 छात्र बैठ सकते हैं। किसी भी तरह से मैन्युअल चेकिंग नहीं की जाएगी। नकल की निगरानी के लिए सचल दस्ते निगरानी करेंगे। 20 छात्रों वाले कमरे में एक कक्ष निरीक्षक रहेगा। इसके अलावा चार कमरों के ऊपर एक विशेष कक्ष निरीक्षक भी रखा गया है। हर सेंटर पर एंट्री से पहले छात्रों के हाथ सैनिटाइज कराए जाएंगे। इसके बाद हर पाली से पहले और बाद में कमरों का सैनिटाइजेशन होगा। सर छोटूराम इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाए गए कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के जरिए भी निगरानी की जाएगी। जो छात्र-छात्राएं मास्क लगाकर नहीं आएंगे उनको एंट्री नहीं मिलेगी। परीक्षा के लिए नौ जिलों में 121 ऑब्जर्वर बनाए गए हैं। सेंटरों पर सोमवार को पूरी व्यवस्था कर ली गई है।
आज बीए-एमए के विषयों की है परीक्षा
परीक्षा का आयोजन तीन पालियों में हो रहा है। पहली पाली सुबह 8 से 10 बजे तक है। दूसरी पाली 11:30 से 1:30 और तीसरी पाली 2:30 से 4:30 बजे तक है। मंगलवार को पहले दिन दोपहर और शाम की पाली में ही परीक्षा होगी। इसमें बीए हिंदी और एमए में अंग्रेजी, हिंदी, मैथ और दर्शनशास्त्र के पेपर होंगे।
हर कक्ष निरीक्षक को बताना होगा कितने करें सवाल
यूजी वार्षिक प्रणाली की परीक्षा में बहुविकल्पीय के 100 सवाल आते हैं। इनके पेपर पहले ही बन चुके थे। ऐसे में सवाल तो 100 ही आएंगे, लेकिन करने 75 होंगे। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि हर कक्ष निरीक्षक को कमरे में छात्रों को बताना होगा कि वे सिर्फ 75 सवाल ही करें। डेढ़ घंटे में वे पेपर देकर जा सकते हैं। तीन घंटे वाली परीक्षा दो घंटे की होगी। इसके दिशा-निर्देश पेपर में ही दिए गए हैं। छात्र-छात्राएं अपना एडमिट कार्ड और एक पहचान आईडी लेकर जाएं।
ये हैं जिलेवार सेंटर
परीक्षा के लिए मेरठ में 30, गाजियाबाद में 14, मुजफ्फरनगर में 26, शामली में 13, सहारनपुर में 45, हापुड़ में 14, बुलंदशहर में 39, गौतमबुद्घनगर में 15 और बागपत में 20 सेंटर बनाए गए हैं।
77 केंद्रों पर होगी बीएड परीक्षा
बीएड की परीक्षाओं का कार्यक्रम मंगलवार को जारी होगा। इसके अलवा नेट और दूसरी परीक्षाओं के कारण जो पेपर बदले जा रहे हैं, उनका अपडेट कार्यक्रम भी वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। 77 केंद्रों की विवि ने सूची जारी कर दी है।