चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने सत्र 2025-26 के लिए पीजी डिप्लोमा इन साइबर क्राइम एंड लॉ (एक वर्षीय पाठ्यक्रम) में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कोर्स विश्वविद्यालय से संबंधित विभिन्न कॉलेजों में संचालित किया जा रहा है।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता भूपेंद्र सिंह द्वारा जारी निर्देशों में बताया गया है कि इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.ccsuniversity.ac.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। एडमिशन 2025-26 सेक्शन पर क्लिक करने के बाद रजिस्ट्रेशन फॉर एडमिशन इन पीजी डिप्लोमा इन साइबर क्राइम एंड लॉ 2025-26 विकल्प चुनकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। पंजीकरण की प्रक्रिया 4 जनवरी तक चलेगी।
बता दें कि यह एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा कोर्स आज के डिजिटल दौर में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए तैयार किया गया है। कोर्स में हैकिंग, ऑनलाइन फ्रॉड, डेटा चोरी, साइबर स्टॉकिंग, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध आदि विषयों पर फोकस रहेगा। छात्रों को भारतीय आईटी एक्ट 2000, साइबर कानून, डिजिटल फॉरेंसिक, साइबर सुरक्षा के उपाय, इंटरनेट कानूनी प्रावधान और संबंधित न्यायिक निर्णयों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। यह कोर्स उन युवाओं के लिए विशेष रूप से फायदेमंद साबित होगा जो कानून, सूचना प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा एजेंसियों, पुलिस, साइबर क्राइम इंवेस्टिगेशन, लीगल कंसल्टेंसी या संबंधित क्षेत्रों में करियर बनाना चाहते हैं। विश्वविद्यालय के संबद्ध महाविद्यालयों में उपलब्ध सीटों, पात्रता, फीस और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाएं या छात्र कल्याण कार्यालय से संपर्क करें।