सीसीएसयू : कैंपस के पांच कोर्स में अब तक 4778 रजिस्ट्रेशन
मेरठ। सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में एलएलएम, एमफिल, एमएड, एमपीएड और बीपीएड में प्रवेश के लिए अब तक 4778 छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन किया है। ऑनलाइन फार्म भरने की अंतिम तिथि 20 जुलाई है। इसके बाद विवि एंट्रेंस की तिथि घोषित करेगा। विवि प्रशासन का कहना है कि तिथि बढ़ाई जा चुकी है। ऐसे में सभी फार्म भर दें।
सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में एलएलएम, एमफिल, एमएड, एमपीएड और बीपीएड में एडमिशन एट्रेंस के जरिए होते हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन विवि की वेबसाइट पर किए जा रहे हैं। दस जुलाई इसकी अंतिम तिथि थी। विवि प्रशासन ने इसे बढ़ाकर 20 जुलाई कर दिया था। इन कोर्स में एंट्रेंस तो विवि करा लेगा परंतु एडमिशन एलएलबी और पीजी फाइनल के रिजल्ट आने के बाद ही होंगे। ऐसे में यह प्रक्रिया भी अक्टूबर तक जाएगी। एमफिल में 22 विषयों में आवेदन किए जा रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा आवेदन एजुकेशन में 124 हुए हैं। एमएड में 1026 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। एमपीएड में 331, बीपीएड 600 और एलएलएम में 1436 रजिस्ट्रेशन शुक्रवार शाम किए गए हैं। एससी-एसटी के लिए प्रवेश परीक्षा शुल्क 500 और सामान्य व अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 700 रुपये है। कोविड-19 महामारी के कारण फार्म का प्रिंट आउट इस बार कैंपस में भेजने की जरूरत नहीं है।
स्नातक में हुए अब तक 6340 रजिस्ट्रेशन
कैंपस और कॉलेजों में स्नातक में एडमिशन के लिए शुक्रवार शाम तक 6340 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इनमें बीए, बीएससी, बीकॉम, बीए-एलएलबी, बीकॉम-एलएलबी, बीबीए, बीसीए, बीएससी ज्वेलरी डिजाइन, बीएससी होम साइंस और बीएससी एजी समेत 35 कोर्स शामिल हैं। यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई में इस साल पास होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए अभी फार्म शुरू नहीं किए गए हैं। ये फार्म यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से डाटा मिलने पर 20 जुलाई के बाद से भरे जा सकेंगे।