22 जुलाई से एक अगस्त तक बैडमिंटन, तैराकी, कबड्डी और एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं होंगी
राधा गोविंद, आईआईएमटी, रुद्रा और द्रोण पब्लिक स्कूल में होगा आयोजन
-सीबीएसई ने कार्यक्रम जारी किया
संवाद न्यूज एजेंसी
: मेरठ। सीबीएसई की ओर से वर्ष 2026-27 के खेल कार्यक्रमों की सूची जारी कर दी गई है। इस बार मेरठ में भी चार स्कूलों में खेल प्रतियोगिताएं होंगी। 22 जुलाई से एक अगस्त तक खेलों का आयोजन मेरठ में होगा। इसमें तैराकी, कबड्डी, एथलेटिक्स और बैडमिंटन प्रतियोगिता हाेंगी। इसे लेकर काफी संख्या में स्कूलों ने पंजीकरण कराए गए हैं। नॉर्थ जोन के काफी संख्या में स्कूलों के बच्चे यहां मेरठ में जुटेंगे। इसे लेकर स्कूलों की ओर से भी पूरी तैयारी कर ली गई है।
सीबीएसई की ओर से जारी किए गए स्पोर्ट्स कैलेंडर के अनुसार मेरठ में गढ़ रोड स्थित राधा गोविंद पब्लिक स्कूल में 22 से लेकर 25 जुलाई तक पुरुष वर्ग में बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। विद्यालय के स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर सुशील त्यागी ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय में पूरी तैयारी कर ली गई है। कोर्ट भी तैयार किए जा चुके हैं।
रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल में महिला वर्ग में एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें 150 से अधिक स्कूलों की टीम यहां मेरठ में पहुंचेंगी। एथलेटिक्स के सभी इवेंट के लिए स्कूल प्रशासन की ओर से तैयारी की गई है। बरनावा रोड स्थित द्रोण पब्लिक स्कूल में महिला वर्ग में कबड्डी प्रतियोगिता 22 से लेकर 25 जुलाई तक होगी। इसमें भी 100 से अधिक स्कूलों की महिला वर्ग में कबड्डी टीम प्रतिभाग करेंगी। स्कूल प्रशासन की ओर से भी प्रतियोगिता को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के रहने और खाने आदि व्यवस्था के लिए टीम बनाई गई हैं। वहीं पुरुष वर्ग में तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन आईआईएमटी एकेडमी गंगानगर में 29 जुलाई से लेकर 1 अगस्त तक किया जाएगा। इसके लिए भी एकेडमी की ओर से पूरी तैयारी की जा चुकी है।