अनिका सिंह- केएल इंटरनेशनल
- फोटो : Amar Ujala Meerut
पिता पीसीएस अधिकारी अब बेटी का सपना आईएफएस अधिकारी
मेरठ के केएल इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा अनिका सिंह ने जिले में 99.8 अंक लाकर टॉप किया है। शास्त्रीनगर स्थित डी-ब्लॉक निवासी अनिका का सपना पापा की तरह सिविल सर्विस में जाने का है। हालांकि, वह आईएफएस अधिकारी बनना चाहती है।
उनके पिता देवेंद्र सिंह गाज़ियाबाद में असिस्टेंट कमिश्नर और माता वंदना शर्मा एन ए एस कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। अनिका शर्मा का कहना है कि उन्हें म्यूज़िक और बैडमिंटन खेलना पसंद है। विज्ञान में सिर्फ 99 नंबर हैँ। बाकी सँस्कृत, गणित, अंग्रेज़ी, सोशल साइंस, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में 100 नंबर हैँ।
डॉक्टर बनना चाहती है भूमिका
दीवान पब्लिक स्कूल की दसवीं की छात्रा भूमिका 99.8 फ़ीसदी अंक लाकर स्कूल टॉप करने के साथ जिले की सयुंक्त टॉपर बनी हैं। भूमिका डॉक्टर बनना चाहती हैं। उनके पिता जितेंद्र सिंह ट्रेजरी ऑफिस में है, माता कृष्णा हैं। भूमिका अपने रिजल्ट से संतुष्ट हैं। वह बताती हैं कि अगर पेपर होते तब भी इतने ही नंबर की उम्मीद थी।
परिणाम व्यक्तिगत और स्कूल-वार आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in पर उपलब्ध कराया गया है। छात्र रोल नंबर और अन्य विवरण का उपयोग करके परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं, और स्कूल अपने लॉगिन विवरण का उपयोग करके इसे डाउनलोड कर सकते हैं। जिन लोगों को अपना रोल नंबर नहीं पता है, वे cbseresults.nic.in पर रोल नंबर फाइंडर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
एमपीजीएस शास्त्रीनगर की छात्रा श्रेया रस्तोगी (दाएं)
- फोटो : Amar Ujala Meerut
कई विषयों में सौ में सौ नंबर
काफी छात्रों के 100 में से 100 नंबर आए हैं। विज्ञान, गणित, अंग्रेजी में खूब नंबर आए हैं। अन्य विषयों में भी 90 से अधिक नंबर दिए गए हैं। छात्रों का कहना है कि 12वीं कक्षा में और भी अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।
परिणाम आते ही तनाव हुआ दूर
सीबीएसई 10वीं के रिजल्ट को लेकर छात्र-छात्राएं ही नहीं अभिभावक और शिक्षक भी चिंतित थे। सबसे देरी में सीबीएसई दसवीं का रिजल्ट जारी हुआ इसको लेकर हर कोई तनाव में था। एमपीएस ग्रुप की एडवाइजर रिचा शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते पेपर नहीं हुए तो छात्रों और अभिभावकों के मन में बहुत चिंता थी, लेकिन जिस तरह से नंबर आए हैं उससे छात्र बहुत खुश हैं।
केएल इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने बताया कि हर छात्र अपने नंबरों से संतुष्ट है। सीबीएसई ने बहुत अच्छे फार्मूले से नंबर दिए हैं। दीवान पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य एके दुबे का कहना है कि उम्मीद से अच्छा रिजल्ट आया है।