सावधान : सीसीएसयू का फर्जी परीक्षा कार्यक्रम वायरल
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबंध कॉलेजों में 10 जून से परीक्षाओं को लेकर फर्जी परीक्षा कार्यक्रम सोशल साइट पर वायरल हो गया है। विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल साइट पर चल रही किसी भी खबर को सच न मानें। परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी सीसीएसयू की वेबसाइट के साथ ही अखबारों में दी जाएगी।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबंध कॉलेजों में 18 मार्च के बाद की सारी परीक्षाएं स्थगित की जा चुकी हैं। विश्वविद्यालय ने इन परीक्षाओं को 10 जून से कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इस पर अभी मुहर नहीं लगी है। इसी बीच किसी ने 10 जून से परीक्षा का फर्जी कार्यक्रम सोशल साइट पर वायरल कर दिया है। इसमें 18 जुलाई तक परीक्षाएं चलने की बात कही है। इस परीक्षा कार्यक्रम पर परीक्षा नियंत्रक के फर्जी हस्ताक्षर भी किए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि अभी तक विश्वविद्यालय ने कोई कार्यक्रम जारी नहीं किया है। परीक्षा की जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट और अखबारों के माध्यम से दी जाएगी। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी इस संबंध में जानकारी अपलोड करा दी है।