दिगंबर जैन मंदिर में दान पात्र तोड़कर लाखों की नगदी चोरी
मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र में स्थित दिगंबर जैन मंदिर का दान पात्र तोड़कर बदमाशों ने लाखों की नगदी और सामान चोरी कर लिया। वारदात से जैन समाज के लोगों में नाराजगी है।
एसओ रेलवे रोड इंद्रपाल सिंह के अनुसार, शांति नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर के प्रबंधक अखिल कुमार जैन है। सोमवार रात करीब दो बजे बदमाशों ने मंदिर पर धावा बोला। तीन दानपात्र तोड़कर करीब दो लाख रुपये की नकदी, भगवान की भेहदी का चिन्ह और मूर्तियों के ऊपर चांदी का कवच चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह प्रबंधक को दानपात्र के ताले टूटे मिले। दिगंबर जैन मंदिर में चोरी की सूचना पर जैन समाज के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने रोष जताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन आरोपी दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह ने बताया कि रेलवे रोड पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम चोरों की तलाश में लगी हैं। कुछ अहम सुराग भी पुलिस को मिले हैं। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
व्यापारी के घर के ताले तोड़कर चोरी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में किराना व्यापारी के मकान के ताले तोड़कर चोरों ने नकदी और लाखों रुपये कीमत के जेवरात साफ कर दिए। थाना क्षेत्र के श्याम नगर निवासी गजनफर पुत्र फजल अली की गली नंबर 7 में किराना की दुकान है। रविवार को वह परिवार समेत शादी समारोह में शामिल होने आगरा गए थे। मंगलवार सुबह पड़ोसी ने सूचना दी कि उनके मकान के ताले टूटे पड़े हैं। घर लौटकर गजनफर ने देखा कि सेफ में रखे लाखों रुपये के सोने चांदी के जेवरात और 60 हजार की नकदी गायब है। पीड़ित ने थाने में चोरी की तहरीर दी।