कैश क्रेडिट गांरटी से मिलों को भुगतान में होगी आसानी
मेरठ। प्रदेश कैबिनेट ने सहकारी शुगर मिलों के लिए कैश क्रेडिट गारंटी देकर बैंकों से लोन का रास्ता खोल दिया है। इससे प्रदेश की 23 सहकारी शुगर मिलें बैंकों से लोन ले सकेंगी। इसमें मेरठ मंडल की तीन सहकारी शुगर मिलों के किसानों को भी राहत मिलेगी।
प्रदेश में 23 सहकारी शुगर मिलेें हैं। किसानों को समय से गन्ना मूल्य भुगतान करने के लिए सहकारी चीनी मिल बैंकों से लोन के लिए सरकार से कैश क्रेडिट गारंटी की मांग कर रहे थे। बुधवार को लखनऊ में हुई कैबिनेट बैठक में इस पर मुहर लगा दी। कैबिनेट ने जिला सहकारी बैंकों से लोन लेने के लिए 3221.63 करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट की सुविधा प्रदान की है। कैबिनेट के इस फैसले से मेरठ मंडल की बागपत, रमाला और अनूपशहर सहकारी मिलों के किसानों को भी राहत मिलेगी।