फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिस्ट्रीशीटर की हत्या का केस दर्ज, थाना प्रभारी निलंबित

विज्ञापन
विज्ञापन
जानी खुर्द/मेरठ। पांचली खुर्द में हिस्ट्रीशीटर 25 हजार के इनामी रिंकू गुर्जर की हत्या के मामले में परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने गांव के चौकीदार अनीस की ओर से तहरीर लेकर राहुल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। वहीं, राहुल के पिता कृपाल सिंह की तहरीर पर मृतक रिंकू के खिलाफ भी हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने हत्यारोपी राहुल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस मामले में एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने थाना जानी के प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय को निलंबित कर दिया गया है। थानेदार की जांच एसपी देहात को सौंपी गई है।
विज्ञापन

रिंकू गुर्जर पर हत्या सहित अन्य संगीन धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। गत आठ फरवरी को रिंकू गुर्जर ने डाक्टर इमरान की हत्या कर दी थी। उसके भाई सलमान और जावेद को भी गोली मारकर घायल किया था। तभी से वह वांछित था। एक प्लाट को लेकर उसकी गांव के ही राहुल पुत्र कृपाल सिंह से रंजिश चल रही थी। बृहस्पतिवार शाम रिंकू गुर्जर ने अपने साथी सचिन गुर्जर के साथ गांव पहुंच कर राहुल को मारने के लिए उसके घर पर फायरिंग की। इसमें भाई आजाद गोली लगने से घायल हो गया। इसी दौरान राहुल ने घेराबंदी कर रिंकू की हत्या कर दी। ग्रामीणों ने उसकी बाइक भी जला दी थी।
जानी पुलिस ने रात में पहले राहुल के पिता कृपाल सिंह की तहरीर पर रिंकू गुर्जर और एक अन्य अज्ञात के खिलाफ उसके बेटे आजाद को गोली मारकर घायल करने की रिपोर्ट दर्ज की, जबकि रिंकू के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराने से मना कर दिया। इसके बाद देर रात ही पुलिस ने गांव के चौकीदार अनीस से तहरीर लेकर राहुल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया, जबकि घेराबंदी के समय अन्य ग्रामीणों ने बाइक भी जलाई थी। एसएसपी ने बताया कि वारदात में अन्य जो भी शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

मुकदमा दर्ज होने पर ग्रामीणों में आक्रोश
जानीखुर्द। इनामी रिंकू की हत्या में राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेजने से ग्रामीणों में आक्रोश है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने एसएसपी से मिलकर विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना था कि रिंकू गुर्जर इनामी बदमाश था। पुलिस उसे पकड़ने में पुलिस कामयाब नहीं हो पा रही थी, जबकि रिंकू लगातार गांव में ही आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर खुलेआम घूम रहा था। उसने कई लोगों को धमकियां देकर रंगदारी भी मांगी थी। बृहस्पतिवार को गांव में वह कई लोगों की हत्या के इरादे से आया था। रिंकू ने राहुल को जान से मारने के लिए गोली चलाई थी, जो उसके भाई को लगी। बचाव करने में ही रिंकू की मौत हुई है। वहीं, जानी पुलिस भी वारदात के एक घंटे बाद पहुंची थी। इस दौरान एसएसपी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सही जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
-
डीआईजी के आदेश पर हत्याकांड की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी
मेरठ। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने पांचली खुर्द के रिंकू हत्याकांड पर पुलिस के प्रति नाराजगी जताई है। हिस्ट्रीशीट खुलने के बावजूद रिंकू की समय से गिरफ्तारी न करने, उचित निगरानी न करने और इनाम घोषित करवाने के बाद भी उसी थाना क्षेत्र में वारदात होने पर डीआईजी ने नाराजगी प्रकट की। डीआईजी ने एसएसपी से थाना प्रभारी से लेकर बीट कांस्टेबल तक पुलिस कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय एवं अनुशासनिक कार्रवाई के आदेश दिए। साथ ही दोनों मुकदमों की जांच क्राइम ब्रांच से कराने के निर्देश दिए। एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने बताया कि क्राइम ब्रांच को जांच सौंप दी गई है। सभी की विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है। थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें