मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम की मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल में बिना परमिशन के विदाई समारोह आयोजित करने का मामला सीएम तक पहुंच गया है। सच संस्था के अध्यक्ष डॉ. संदीप पहल ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पूरे मामले का ट्वीट कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। इसके साथ ही डीजीपी, एडीजी मेरठ जोन और डीएम को भी ट्वीट कर मामले की जानकारी दी है।
शुगर मिल प्रबंधन ने सेवानिवृत्त हुए पूर्व प्रधान प्रबंधक अतुल गुप्ता की शनिवार को विदाई पार्टी आयोजित की थी। इसमें न केवल 50 से ज्यादा स्टाफ शामिल हुआ था बल्कि दावत भी उड़ाई थी। इसके लिए मिल प्रबंधन ने जिला प्रशासन से अनुमति नहीं ली। वहीं, समारोह में लॉकडाउन का खुला उल्लंघन किया गया था। समारोह में न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया था और अधिकतर कर्मी बिना मास्क के थे। इस मामले की खबर को अमर उजाला ने रविवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद हरकत में आए गन्ना विभाग ने भी मामले की जानकारी की। वहीं, सच संस्था के अध्यक्ष डॉ. संदीप पहल ने सीएम योगी आदित्यनाथ को अमर उजाला में छपी खबर के साथ ट्वीट करके लॉकडाउन का उल्लंघन करने और बिना अनुमति के विदाई समारोह का आयोजन करने वाले अफसरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।