मुंडाली (मेरठ)। मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव सिसौली में बीते सोमवार को हुए पशु अवशेष फेंकने के मामले में दूसरे समुदाय के लोगों द्वारा किए गए प्रदर्शन और रोड जाम करने के मामले में 37 लोगों को नामजद करते हुए 35-40 अज्ञात के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
बीते सोमवार को गांव सिसौली में बढला कैथवाडा मार्ग पर स्थित तालाब से सटे धार्मिक स्थल पर पशु अवशेष पाए जाने पर अलग-अलग समुदायों के लोगों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया था। इसके बाद पशु अवशेष फेंकने व मारपीट करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठौर कार्रवाई की मांग को लेकर मेरठ-गढ़ रोड पर जाम लगा दिया था। पुलिस करीब डेढ़ घंटे बाद लोगों को समझाने पर जाम खुलवा पाई थी। थाने पर ही सुमित ने दूसरे समुदाय के आठ लोगों के विरुद्ध मारपीट व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उधर, मुंडाली थाने के दरोगा मनीराम सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह गांव सिसौली में मौजूद था कि तभी सिसौली चौराहे पर नारेबाजी करते हुए कुछ उपद्रवियों का समूह आया और मेरठ-गढ़ रोड पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की लंबी कतारें सड़क के दोनों तरफ लग गई। इस दौरान उक्त लोगों ने दूसरे समुदाय के घरों को निशाना बनाते हुए गाली गलौज कर पत्थराव किया, जिसमें मीरन, इकराम, अकबर, मोहम्मद समर निवासी सिसौली के दरवाजे और खिड़की के शीशे टूट गए।
पुलिस ने गांव सिसौली निवासी आशुतोष, सार्थक, तुषार, देव, यश शर्मा, अजय, सुमित, दीपांशु, शगुन, आकाश, गौरव, आदर्श, भानू प्रताप, अजीत, काजन उर्फ नक्कन, अजीत आदि और अनूप उर्फ डब्बू निवासी मऊखास के विरुद्ध नामजद तथा 35-40 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।