मेरठ/परतापुर। परतापुर क्षेत्र में गगोल रोड पर रविवार तड़के एक कालीन फैक्टरी में आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। गार्ड की सूचना पर पहुंच फायर ब्रिगेड ने करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। फैक्टरी मालिक के अनुसार, करीब 40 लाख रुपये का माल आग में स्वाहा हो गया।
सरधना थानाक्षेत्र के दबुथवा गांव निवासी अजय चौधरी की गगोल रोड पर शारदा एक्सपोर्ट्स के नाम से कालीन बनाने की फैक्टरी है। फैक्ट्री मालिक ने बताया कि सभी कर्मचारी शनिवार शाम घर चले गए थे। वहां सिर्फ सिक्योरिटी गार्ड थे। रविवार सुबह चार बजे फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली। आग से करीब 40 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। परतापुर फायर स्टेशन के अधिकारी शांतनु यादव ने बताया है कि फैक्टरी के स्टोर रूम में आग लगी थी। जानकारी पर फायर बिग्रेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों को आग बुझाने में करीब दो घंटे लगे। फायर कर्मियों के अनुसार आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है। फैक्टरी के गार्ड के मुताबिक, कई छोटी बड़ी मशीनें भी जल गईं। आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मी प्रवीन कुमार ने सीढ़ी लगाकर एक कबूतर और उसके बच्चे की जान बचाई। आग से उसके पंख जल गए थे। सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी का कहना कि फैक्ट्री मालिक ने करीब 40 लाख रुपये कीमत का कालीन जलना बताया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।