दौराला (मेरठ)। मुजफ्फरनगर के निवासी एक व्यक्ति ने वाहन खरीदने के लिए टाटा मोटर्स पर 12 लाख रुपये डाउन पेमेंट जमा कराई। इसके बाद उसे गाड़ी तो मिली नहीं, लेकिन शोरूम से किस्त के लिए फोन चला गया। इससे पीड़ित के होश उड़ गए और मामले की जानकारी कर दौराला थाने में तहरीर दी।
मुजफ्फरनगर के थाना फुगाना के गांव जोगिया निवासी शादाब ने बताया कि छह अक्तूबर, 2023 को उसने टाटा मोटर्स के कर्मचारी सौरभ ठाकुर, विवेक, हेमंत यादव, राजेश शर्मा से डंपर (टाटा सिगना हाईवे) लेने के लिए बातचीत की। जिसका 52 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। शादाब ने डाउन पेमेंट 12 लाख रुपये जमा करा दिए। कंपनी के कर्मचारियों ने दो दिन में डंपर देने का वादा किया। शादाब के नाम गाड़ी के लिए लोन की किस्त के लिए तकादा आने पर शादाब ग्रामीण आमिर, शमशाद, शहजाद, अरशद, फुरकान ठेकेदार के साथ बुधवार को टाटा मोटर्स कंपनी पहुंचा और कर्मचारियों को जानकारी देते हुए गाड़ी देने की मांग की।
आरोप है कि टाटा मोटर्स कंपनी के कर्मचारियों केएस चौहान, हेमंत यादव, विवेक, सौरभ ठाकुर, राजेश शर्मा ने अभद्रता करते हुए कंपनी से बाहर निकाल दिया। थाना पहुंचे पीड़ित शादाब ने पुलिस को जानकारी देते हुए धोखाधड़ी कर 12 लाख रुपये हड़पने और लोन निकालने का आरोप लगाते हुए टाटा मोटर्स के कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।