करनाल हाईवे पर बाइक सवार को कुचलने वाली क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : SARDANA
सरूरपुर(मेरठ)। मेरठ-करनाल हाईवे के भूनी चौराहे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। इस सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के छोटे भाई ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
सड़क हादसा रविवार की दोपहर के समय मेरठ-करनाल हाईवे के भूनी गांव के चौराहे पर हुआ। गांव सरूरपुर निवासी छोटू उर्फ राजेश पुत्र चंदन (18) अपने साथी बिजेंद्र पुत्र रतनसिंह (28) के साथ बाइक पर सवार होकर घर से सरधना के लिए किसी काम के लिए जा रहे थे। बताया गया है कि जब यह दोनों युवक बाइक पर सवार होकर भूनी चौराहे पर पहुंचे तो तभी शामली की ओर से आए एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक कुछ दूर तक घसीटते चले गए। हादसे के बाद बाइक चला रहे छोटू उर्फ राजेश की मौके पर मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा युवक विजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। सड़क हादसे में मृतक के छोटे भाई की ओर से अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।